चंद्रबाबू नायडू ने चौथी बार आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में ली शपथ

अमरावती. तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू ने बुधवार को आयोजित शपथ समारोह में चौथी बार आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली. इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह समेत कई केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता शामिल हुए. जनसेना प्रमुख और अभिनेता पवन कल्याण और नायडू के बेटे नारा लोकेश उन 24 मंत्रियों में शामिल हैं, जिन्हें नायडू मंत्रिमंडल में जगह मिली है. आंध्र प्रदेश के राज्यपाल एस. अब्दुल नजीर ने मंत्रियों को पद की शपथ दिलाई.

तेदेपा प्रमुख के पद की शपथ लेने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने चंद्रबाबू नायडू को गले लगाया और उनकी पीठ थपथपाई. इस समारोह में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और जेपी नड्डा भी शामिल हुए. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी समारोह में मौजूद थे. मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”आंध्र प्रदेश की नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लिया. मुख्यमंत्री बनने के लिए नायडू को और सरकार में मंत्री पद की शपथ लेने वाले अन्य सभी लोगों को बधाई.” मोदी ने कहा कि दक्षिणी राज्य में तेदेपा, जनसेना और भाजपा की सरकार आंध्र प्रदेश को नई ऊंचाइयों पर ले जाने और राज्य के युवाओं की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है.

नायडू ने मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा, ”आज अमरावती में शपथ ग्रहण समारोह में गरिमामयी उपस्थिति के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को धन्यवाद.” नायडू ने संकल्प लिया कि तेदेपा, जनसेना और भाजपा सरकार जन-केंद्रित शासन देने का प्रयास करेगी.
शाह ने नायडू और ‘उपमुख्यमंत्री’ पवन कल्याण और पद की शपथ लेने वाले अन्य सभी मंत्रियों को भी बधाई दी.

केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा, ”मेरा दृढ़ विश्वास है कि राजग सरकार लोगों की आकांक्षाओं और आशाओं को पूरा करते हुए आंध्र प्रदेश राज्य को समृद्धि की नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी.” प्रधानमंत्री ने अभिनेता चिरंजीवी और पवन कल्याण का हाथ पकड़कर उनसे आत्मीयता से बात की और मंच पर तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री ओ पन्नीरसेल्वम, तमिल सुपरस्टार रजनीकांत और उनकी पत्नी लता के साथ भी बातचीत की.

हाल में हुए चुनाव में नायडू ने अपनी कुप्पम सीट बरकरार रखी, जबकि पवन कल्याण और लोकेश ने क्रमश: पिथापुरम और मंगलगिरि विधानसभा क्षेत्रों से जीत हासिल की. केंद्रीय मंत्री अमित शाह, नितिन गडकरी तथा जे.पी. नड्डा और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी इस मौके पर मौजूद थे. पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू, भारत के पूर्व प्रधान न्यायाधीश एन.वी. रमण और अभिनेता रजनीकांत तथा चिरंजीवी भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए.

नायडू और लोकेश के अलावा, तेदेपा विधायक के. अच्चेन्नायडू, पी. नारायण, कोल्लू रवींद्र, निम्मला राम नायडू, अनिता वंगालापुडी, अनम रामनारायण रेड्डी, कोलुसु पार्थसारथी, एनएमडी फारूक, पय्यावुला केशव, ए. सत्य प्रसाद, डोला श्री बाला वीरंजनेय स्वामी, गोट्टीपति रवि कुमार, जी संध्या रानी, ??बीसी जनार्दन रेड्डी, टीजी भारत, एस. सविता, वासमसेट्टी सुभाष, कोंडापल्ली श्रीनिवास और मंडीपल्ली राम प्रसाद रेड्डी ने भी शपथ ली.

जनसेना पार्टी से नादेंदला मनोहर और कंदुला दुर्गेश, जबकि भाजपा विधायक सत्य कुमार यादव ने मंत्री पद की शपथ ली. आंध्र प्रदेश विधानसभा की सदस्य संख्या (175) के अनुसार, मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री सहित 26 मंत्री हो सकते हैं.  इससे पहले मंगलवार को अलग-अलग बैठकों में तेलुगु देशम विधायक दल और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सहयोगियों ने नायडू को अपना नेता चुना था. आंध्र प्रदेश में राजग में तेदेपा, भाजपा और जनसेना शामिल हैं. आंध्र प्रदेश में हाल में संपन्न विधानसभा चुनाव में कुल 175 विधानसभा सीट में से राजग ने 164 सीट पर जीत दर्ज कर बहुमत हासिल किया. राजग ने आंध्र प्रदेश में लोकसभा की 25 सीट में से 21 पर जीत दर्ज की है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button