बांग्लादेश : नोबेल पुरस्कार विजेता मुहम्मद यूनुस और अन्य पर गबन के आरोप तय

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 12 Jun 2024 08:08 PM
बांग्लादेश : नोबेल पुरस्कार विजेता मुहम्मद यूनुस और अन्य पर गबन के आरोप तय
ऑडियो सुनें

ढाका. बांग्लादेश में एक विशेष न्यायाधीश की अदालत ने 20 लाख अमेरिकी डॉलर से अधिक राशि के गबन मामले में नोबेल पुरस्कार विजेता मुहम्मद यूनुस और 13 अन्य पर बुधवार को आरोप तय किये. गरीब लोगों, विशेष रूप से महिलाओं की मदद करने के लिए सूक्ष्म ऋण की शुरुआत करने के लिए वर्ष 2006 में नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित 83 वर्षीय यूनुस ने खुद को निर्दोष बताया.

फिलहाल यूनुस जमानत पर बाहर हैं. उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि अधिकारी उन्हें और उनके अन्य सहयोगियों को ‘परेशान’ कर रहे हैं. उन्होंने किसी भी भ्रष्टाचार में शामिल होने से इनकार किया. ढाका के विशेष न्यायाधीश सैयद अराफात हुसैन ने खचाखच भरी अदालत में यूनुस के गैर-लाभकारी ‘ग्रामीण टेलीकॉम’ पर लगे आरोपों को हटाने संबंधी याचिकाओं को खारिज कर दिया.

अभियोजन पक्ष ने यूनुस और अन्य लोगों पर ‘ग्रामीण टेलीकॉम’ के श्रमिक कल्याण कोष से करीब 20 लाख अमेरिकी डॉलर का गबन करने का आरोप लगाया है. ‘ग्रामीण टेलीकॉम’ देश की सबसे बड़ी मोबाइल फोन कंपनी ‘ग्रामीणफोन’ की 34.2 प्रतिशत हिस्सेदार है. ‘ग्रामीणफोन’ नॉर्वे की दूरसंचार दिग्गज ‘टेलीनॉर’ की सहायक कंपनी है. कंपनी पर धन शोधन का भी आरोप है.

न्यायाधीश हुसैन ने कहा कि अभियोजन पक्ष पहले ही अपनी दलीलों को साबित कर चुका है, जिसमें धन के दुरुपयोग तथा पैसों को अवैध रूप से विदेश भेजने के आरोप भी शामिल हैं. उन्होंने कहा कि मुकदमे पर सुनवाई 15 जुलाई से शुरू होगी. यूनुस को जनवरी में श्रम कानूनों के उल्लंघन के एक अलग आरोप में छह महीने की जेल की सजा सुनाई गई थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu