पोर्श कार दुर्घटना : खून के नमूने बदलने के मामले में दो लोग गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 20 Aug 2024 08:45 PM
पोर्श कार दुर्घटना : खून के नमूने बदलने के मामले में दो लोग गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

पुणे. महाराष्ट्र के पुणे के पोर्श कार दुर्घटना मामले में नाबालिग आरोपी के साथ मौजूद नाबालिगों के रक्त के नमूनों की कथित अदला-बदली के सिलसिले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के एक शीर्ष अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी. पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में उन दो नाबालिगों में से एक का पिता भी शामिल है, जो 17 वर्षीय उस चालक के साथ था जब उसने 19 मई को कल्याणी नगर में उसने तेज रफ्तार पोर्श कार से मोटरसाइकिल सवार दो आईटी पेशेवरों को टक्कर मार दी थी.

सोमवार देर रात दो और आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही पोर्श कार दुर्घटना मामले में गिरफ्तार लोगों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है. पुणे के पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने मंगलवार सुबह कहा, ह्लकार में नाबालिग आरोपी के साथ मौजूद दो नाबालिगों के खून के नमूने इन दो गिरफ्तार व्यक्तियों के खून के नमूनों से बदले गए थे.ह्व उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किये गये दो लोगों में से एक घटना के वक्त आरोपी के साथ गाड़ी में मौजूद दो अन्य नाबालिगों में से एक का पिता है.

गिरफ्तार लोगों को मंगलवार को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 26 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया.
पुणे के कल्याणी नगर इलाके में 19 मई को तड़के कथित तौर पर नशे की हालत में कार चला रहे नाबालिग लड़के ने मोटरसाइकिल पर सवार एक महिला समेत दो आईटी पेशेवरों को टक्कर मार दी थी, जिसके बाद दोनों की मौत हो गई थी. लड़के का पिता जाना-माना बिल्डर है.

लड़के के माता-पिता, फॉरेंसिक मेडिसिन विभाग के तत्कालीन प्रमुख डॉ. अजय तावड़े, डॉ. श्रीहरि हल्नोर और ससून अस्पताल के एक कर्मचारी अतुल घाटकांबले को नाबालिग के खून के नमूनों को उसकी मां के नमूनों के साथ बदलने के आरोप में पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है. खून के नमूने बदलने के लिए पैसों के लेन-देन के वास्ते आरोपी के पिता और डॉक्टरों के बीच बिचौलियों की भूमिका निभाने वाले दो अन्य आरोपियों-अश्पक मकानदार और अमर गायकवाड़ को भी गिरफ्तार कर लिया गया था. पुणे पुलिस ने हाल ही में मामले में सात आरोपियों के खिलाफ 900 पृष्ठ का आरोपपत्र दायर किया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu