पाकिस्तान में दो अलग-अलग बस दुर्घटनाओं में 37 लोगों की मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 25 Aug 2024 08:34 PM
पाकिस्तान में दो अलग-अलग बस दुर्घटनाओं में 37 लोगों की मौत
ऑडियो सुनें

इस्लामाबाद/कराची. पाकिस्तान में रविवार को हुई दो अलग-अलग बस दुर्घटनाओं में 11 श्रद्धालुओं सहित कम से कम 37 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए. पाकिस्तान में पहली दुर्घटना उस वक्त हुई जब ईरान से 70 शिया जायरीन को लेकर आ रही बस बलूचिस्तान प्रांत में मकरान तटीय राजमार्ग से रास्ता भटक गई थी. इस हादसे में भी 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 35 श्रद्धालु घायल हो गए हैं. इन श्रद्धालुओं को पंजाब की ओर जाना था.

मकरान तटीय राजमार्ग 653 किलोमीटर लंबा राष्ट्रीय राजमार्ग है जो पाकिस्तान के अरब सागर तट के साथ सिंध प्रांत के कराची से बलूचिस्तान प्रांत के ग्वादर तक फैला हुआ है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, बस में बैठे ज्यादातर लोग लाहौर या गुजरांवाला के निवासी थे. सबसे बड़ी निजी एम्बुलेंस सेवा चलाने वाली एधी फाउंडेशन के कमर नदीम ने बताया कि पाकिस्तान में दूसरी दुर्घटना उस दौरान हुई जब पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में 35 लोगों को ले जा रही एक बस खाई में गिर गई थी. इस हादसे में 26 लोगों की मौत हो गई.

सूत्रों के अनुसार, इस हादसे के कारण का अभी तक पता नहीं चल पाया है. सधनोती के उपायुक्त उमर फारूक ने बताया कि मृतकों में बच्चे, महिलाएं और पुरुष शामिल हैं और ये सभी सधनोती जिले के निवासी थे. पुलिस, प्रशासन और बचाव दल के कर्मी घटनास्थल पर मौजूद हैं. कानून प्रवर्तकों ने बताया कि कुछ लोगों की पहचान कर ली गई है.

पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने इस दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की. उन्होंने राहत-बचाव अभियान में तेजी लाने की जरुरत पर जोर देते हुए कहा, “दुख की इस घड़ी में मृतकों के परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं.” पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने भी इन दुर्घटनाओं पर दुख जताया और मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं. ये दुर्घटनाएं पाकिस्तानी श्रद्धालुओं को ले जा रही एक अन्य बस के ईरान में दुर्घटनाग्रस्त होने के कुछ ही दिनों बाद हुई हैं. इस हादसे में 35 लोग मारे गए थे और 15 घायल हुए थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu