श्रीलंका की पहली यात्रा पर पहुंचा भारतीय नौसेना का पोत ‘मुंबई’, चीन के तीन युद्धपोत भी पहुंचे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 26 Aug 2024 09:59 PM
श्रीलंका की पहली यात्रा पर पहुंचा भारतीय नौसेना का पोत ‘मुंबई’, चीन के तीन युद्धपोत भी पहुंचे
ऑडियो सुनें

कोलंबो. भारतीय नौसेना का पोत आईएनएस मुंबई श्रीलंका की तीन दिवसीय यात्रा पर सोमवार को कोलंबो बंदरगाह पहुंचा. संयोग से चीनी नौसेना के तीन युद्धपोत भी आज कोलंबो बंदरगाह पहुंचे. श्रीलंका नौसेना ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि भारतीय नौसेना का जहाज ‘मुंबई’ श्रीलंका की तीन दिवसीय यात्रा पर है.

भारतीय उच्चायोग ने रविवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा था कि आईएनएस मुंबई 163 मीटर लंबा विध्वंसक पोत है जिस पर 410 सदस्यों का चालक दल सवार है. उच्चायोग ने कहा कि यह जहाज श्रीलंका के किसी बंदरगाह पर पहली बार आया है. इस बीच, श्रीलंका नौसेना ने कहा कि चीनी पीपुल्स लिबरेशन आर्मी की नौसेना के तीन युद्धपोत “हे फेई”, “वुझिशान” और “किलियानशान” भी सोमवार सुबह औपचारिक यात्रा पर कोलंबो बंदरगाह पहुंचे.

“हे फेई” 144.50 मीटर लंबा युद्धपोत है, जिस पर चालक दल के 267 सदस्य सवार हैं, जबकि “वुझिशान” 210 मीटर लंबा युद्धपोत है, जिस पर चालक दल के 872 सदस्य हैं वहीं “किलियानशान” 210 मीटर लंबा युद्धपोत है, जिसमें चालक दल के 334 सदस्य सवार हैं.
श्रीलंकाई नौसेना की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि जहाज के आगमन पर इसके कमांडर कैप्टन संदीप कुमार ने पश्चिमी नौसेना क्षेत्र के कमांडर रियर एडमिरल चिंताका कुमारसिंघे से पश्चिमी नौसेना कमान मुख्यालय में मुलाकात की.

विज्ञप्ति में कहा गया कि जहाज के कोलंबो में ठहराव के दौरान, इसके चालक दल के सदस्य देश के कुछ पर्यटक केंद्रों का दौरा करेंगे.
उसने कहा, “जहाज के परिचालन कार्यों के संबंध में एक सत्र आईएनएस मुंबई पर श्रीलंकाई नौसेना के र्किमयों के लिए आयोजित किया जाएगा.” विज्ञप्ति के अनुसार आईएनएस मुंबई श्रीलंकाई नौसेना के साथ संयुक्त गतिविधियों जैसे खेल, योग और तटीय क्षेत्र की सफाई आदि में भी शामिल होगा. आईएनएस मुंबई 29 अगस्त को कोलंबो तट पर श्रीलंका नौसेना के एक जहाज के साथ ‘पैसेज एक्सरसाइज’ में भी भाग लेगा. स्वदेश निर्मित आईएनएस मुंबई को 22 जनवरी, 2001 को भारतीय नौसेना में शामिल किया गया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu