मुख्यमंत्री को भुट्टा खिलाने वाली महिला ने रोते हुए शिकायत की, बिजली कनेक्शन तुरंत जोड़ा गया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 27 Aug 2024 08:26 PM
मुख्यमंत्री को भुट्टा खिलाने वाली महिला ने रोते हुए शिकायत की, बिजली कनेक्शन तुरंत जोड़ा गया
ऑडियो सुनें

इंदौर. मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव को इंदौर में पिछले महीने भुट्टा खिलाकर चर्चा में आई 65 वर्षीय एक महिला ने उसके घर का बिजली कनेक्शन काटे जाने को लेकर मंगलवार को प्रशासन के सामने शिकायत दर्ज कराई. इसके बाद उसके घर का बिजली कनेक्शन आनन-फानन जोड़ दिया गया. सड़क पर भुट्टे बेचने वाली सुमन पाटीदार (65) प्रशासन की साप्ताहिक “जन सुनवाई” (आम लोगों द्वारा जिला प्रशासन को अपनी समस्याएं दर्ज कराने की साप्ताहिक व्यवस्था) में शिकायत लेकर पहुंचीं कि रामचंद्र नगर में उनके घर का ‘कनेक्शन’ बिजली विभाग ने काट दिया है.

महिला ने यह भी कहा कि पिछले 35 साल से शहर में रहने के बाद भी वह एक अदद नल ‘कनेक्शन’ के लिए तरस रही हैं और खुद मुख्यमंत्री द्वारा मदद के आश्वासन के बाद भी स्थानीय अधिकारी एवं नेता उनकी बात नहीं सुन रहे हैं. पाटीदार ने रोते-रोते संवाददाताओं से कहा,”मुख्यमंत्री जब पिछले महीने मेरे ठेले पर भुट्टा खाने आए थे, तब उन्होंने अधिकारियों को मेरी मदद के लिए कहा था, लेकिन 25 दिन पहले मेरे घर का बिजली ‘कनेक्शन’ काट दिया गया और वे (बिजली वितरण कंपनी के अधिकारी) मीटर भी निकाल कर ले गए. तब से मैं और मेरे परिवार के लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हैं.” उन्होंने इंदौर नगर निगम से नल ‘कनेक्शन’ प्रदान करने की भी मांग की.

पाटीदार ने कहा,”मैं पिछले 35 साल से इंदौर में रह रही हूं. मेरे पति और एक बेटे की मौत हो चुकी है. मुझे पानी और बिजली चाहिए. बुनियादी सुविधाओं की मांग पर मुझे परेशान करते हुए पूछा जा रहा है कि क्या मैं इस शहर की निवासी हूं?” जिलाधिकारी आशीष सिंह ने कहा कि महिला की समस्याओं का उचित प्रक्रिया के तहत निराकरण किया जाएगा.

मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कम्पनी के एक प्रवक्ता ने बताया कि पाटीदार जिस घर में रह रही हैं, उसका बिजली ‘कनेक्शन’ किसी आशीष सोनी के नाम पर है और सोनी के आवेदन पर ही यह ‘कनेक्शन’ काटा गया था. प्रवक्ता ने बताया कि “जन सुनवाई” में महिला की शिकायत के आधार पर यह बिजली ‘कनेक्शन’ कुछ दिनों के लिए जोड़ दिया गया है. उन्होंने कहा कि सोनी और पाटीदार के बीच तालमेल बैठाकर बिजली ‘कनेक्शन’ के मसले का हल निकाला जाएगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu