विमान ईंधन 4.6% सस्ता, वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर के दाम 39 रुपये बढ़े

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 01 Sep 2024 07:36 PM
विमान ईंधन 4.6% सस्ता, वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर के दाम 39 रुपये बढ़े
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. विमान ईंधन के दाम में रविवार को 4.6 प्रतिशत की कटौती की गयी. वहीं होटल और रेस्तरां में उपयोग किये जाने वाले वाणिज्यिक एलपीजी 39 रुपये प्रति 19 किलो सिलेंडर महंगा हो गया है. वैश्विक बाजारों में तेल के दाम के रुख के अनुरूप यह कदम उठाया गया है.

सार्वजनिक क्षेत्र की खुदरा ईंधन कंपनियों के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में विमान ईंधन यानी एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) की कीमत 4,495.5 रुपये प्रति किलोलीटर यानी 4.58 प्रतिशत की कटौती की गयी है. विमानन कंपनियों की कुल परिचालन लागत में ईंधन की हिस्सेदारी लगभग 40 प्रतिशत है. ऐसे में दाम में कटौती से इन कंपनियों पर लागत बोझ कम होगा.

इससे पहले, दो बार दाम बढ़ाये गये थे. विमान ईंधन के दाम एक अगस्त को दो प्रतिशत यानी 1,827.34 रुपये प्रति किलोलीटर की बढ़ोतरी की गयी थी. इससे पहले, इसमें 1.2 प्रतिशत (1,179.37 रुपये प्रति किलोलीटर) की वृद्धि की गयी थी. एक जून को एटीएफ के दाम में 6.5 प्रतिशत (6,673.87 रुपये प्रति किलोलीटर) की कटौती की गयी थी. कटौती के बाद एटीएफ के दाम में मुंबई में घटकर 87,432.78 रुपये प्रति किलोलीटर हो गयी है जो इससे पहले 91,650.34 रुपये प्रति किलोलीटर थी. स्थानीय करों के कारण एटीएफ के दाम विभिन्न राज्यों में अलग-अलग होते हैं.

इसके साथ, तेल कंपनियों ने वाणिज्यिक एलपीजी के दाम 39 रुपये बढ़ाये है. इससे कीमत बढ़कर 1,691.50 रुपये प्रति प्रति 19 किलो सिलेंडर हो गयी है. यह लगातार दूसरी मासिक वृद्धि है. एक अगस्त को कीमतों में 6.5 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की गई थी. इससे पहले, चार बार मासिक कीमतों में कटौती की गयी थी. वाणिज्यिक एलपीजी की कीमत अब मुंबई में 1,644 रुपये प्रति 19 किलोग्राम सिलेंडर होगी. वहीं कोलकाता में 1,802.50 रुपये और चेन्नई में 1,855 रुपये प्रति 19 किलो सिलेंडर होगी. हालांकि, घरों में इस्तेमाल होने वाली रसोई गैस की दर 803 रुपये प्रति 14.2 किलोग्राम सिलेंडर पर बरकरार है.

सार्वजनिक क्षेत्र की इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी), भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लि. (बीपीसीएल), और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लि. (एचपीसीएल) मानक अंतरराष्ट्रीय ईंधन की औसत कीमत और विदेशी विनिमय दर के आधार पर हर महीने की पहली तारीख को एटीएफ और रसोई गैस की कीमतों में संशोधन करती हैं. पेट्रोल और डीजल की कीमतें लगातार स्थिर बनी हुई हैं. मार्च के मध्य में कीमत में दो रुपये प्रति लीटर की कटौती की गई थी. दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 94.72 रुपये प्रति लीटर है जबकि डीजल की कीमत 87.62 रुपये प्रति लीटर है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu