कभी सोचा नहीं था कि 19 छक्कों के साथ विश्व रिकॉर्ड बनाउंगा: बडोनी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 01 Sep 2024 08:15 PM
कभी सोचा नहीं था कि 19 छक्कों के साथ विश्व रिकॉर्ड बनाउंगा: बडोनी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. उत्तरी दिल्ली स्ट्राइकर्स के खिलाफ रिकार्ड 19 छक्के लगाने वाले साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स के कप्तान आयुष बडोनी का मानना है कि दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) मैच में अपनी शानदार टाइमिंग के दम पर वह 55 गेंद में 165 रन की रिकॉर्डतोड़ पारी खेलने में सफल रहे. दायें हाथ के 24 साल के इस खिलाड़ी की ताबड़तोड़ पारी के दम पर साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स ने शनिवार को खेले गे मैच को 112 रन से जीतकर सेमीफाइनल का टिकट कटाया. बडोनी ने इस दौरान सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्य (120) के साथ दूसरे विकेट के लिए 286 रन की साझेदारी कर टी20 क्रिकेट का नया रिकॉर्ड बनाया.

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में लखनऊ सुपरजायंट्स के लिए खेलने वाले बडोनी ने 19 छक्के जड़े जो टी20 क्रिकेट का नया रिकॉर्ड है. टी20 मैच की किसी पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड इससे पहले संयुक्त रूप से वेस्टइंडीज के क्रिस गेल और एस्टोनिया के साहिल चौहान के नाम था. दोनों बल्लेबाजों ने एक समान 18 छक्के लगाये थे.

बडोनी से ‘पीटीआई-वीडियो’ से कहा, ” मैं बस गेंद को अच्छी तरह से हिट करने पर ध्यान दे रहा था, मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं एक पारी में 19 छक्के लगाऊंगा. मैं सिर्फ गेंद की टाइमिंग पर ध्यान देता हूं और गेंद को जोर से मारने की कोशिश नहीं करता.” इस पारी के बाद आईपीएल की आगामी मेगा नीलामी में बडोनी के लिए कई फ्रेंचाइजी टीमें बोली लगाएंगीं.

इस युवा बल्लेबाज ने कहा, ” मैं अभी (आईपीएल) मेगा नीलामी के बारे में नहीं सोच रहा हूं. एक कप्तान के तौर पर मेरा ध्यान फिलहाल डीपीएल जीतने पर है.” उन्होंने कहा, ”आईपीएल में खेलने से यहां (डीपीएल) एक बल्लेबाज के रूप में मेरे लिए काम बहुत आसान हो गया है. हम वहां विश्व स्तरीय गेंदबाजों का सामना करते हैं, और फिर यहां आकर खेलना अपेक्षाकृत आसान हो जाता है.” लखनऊ सुपरजायंट्स के सहायक कोच जोंटी रोड्स ने बडोनी की तुलना दक्षिण अफ्रीक के पूर्व आक्रामक सलामी बल्लेबाज हर्शल गिब्स से की है. बडोनी ने इस बारे में पूछे जाने पर कहा, ”जोंटी और मेरे बीच बहुत अच्छे रिश्ते हैं. मैं इस तरह से तारीफ किये जाने पर उन्हें धन्यवाद करना चाहता हूं और बस इतना कहना चाहता हूं कि जल्द ही मिलेंगे जोंटीं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu