दुनिया में कच्चे तेल की कोई कमी नहीं, देश में रिफाइनरी की पर्याप्त क्षमता: पुरी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 29 Oct 2024 09:31 PM
दुनिया में कच्चे तेल की कोई कमी नहीं, देश में रिफाइनरी की पर्याप्त क्षमता: पुरी
ऑडियो सुनें

चंडीगढ़. केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मंगलवार को कहा कि दुनिया में कच्चे तेल की कोई कमी नहीं है और घरेलू जरूरतों को पूरा करने के लिए देश में पर्याप्त रिफाइनरी क्षमता है. पुरी ने पश्चिम एशिया में जारी तनाव का जिक्र करते हुए कहा कि यह उनका व्यक्तिगत आकलन है कि जल्दी ही चीजें सामान्य हो जाएंगी. यह हर किसी के हित में है कि चीजों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करने की की अनुमति नहीं दी जाए क्योंकि इससे हर कोई प्रभावित होगा.

उन्होंने यहां ‘रोजगार मेला’ को लेकर आयोजित कार्यक्रम के दौरान अलग से बातचीत में कहा, ”दुनिया में कच्चे तेल की कोई कमी नहीं है.” पुरी ने कहा, ”इन सभी गतिविधियों से पहले, दुनिया में उत्पादित कच्चे तेल की कुल मात्रा प्रतिदिन 10.5 करोड़ बैरल के करीब थी. तेल निर्यातक देशों के संगठन और उसके सहयोगी देशों (ओपेक प्लस) ने स्वेच्छा से लगभग 50 लाख बैरल (प्रतिदिन) की कटौती की है.

उन्होंने कहा, ”अगर आप उनसे बात करेंगे, तो वे कहेंगे कि कीमतों से निपटने का काम उनका नहीं है. लेकिन अगर आप बाजार में आने वाली मात्रा को सीमित करते हैं तो आप स्पष्ट रूप से कीमतों को प्रभावित कर रहे हैं. उत्पादन कटौती से मात्रा घटकर 9.7 करोड़ बैरल पर आ गई है.” पुरी ने कहा, ”फिर वैश्विक स्तर पर तनाव है. अगर किसी खास क्षेत्र में तनाव है तो उसका तेल पर क्या असर होगा…इससे माल ढुलाई की लागत बढ़ जाती है, बीमा की लागत बढ़ जाती है.”

उन्होंने कहा, ”आप तेल की कीमतों की गणना कैसे करते हैं? कच्चे तेल की अंतरराष्ट्रीय कीमत में आप बीमा लागत, माल ढुलाई की लागत, रिफाइनरी मार्जिन और डीलर का मार्जिन जोड़ते हैं.” मंत्री ने कहा, ”और इस सब में हमारे यहां अब भी दुनिया में पेट्रोल और डीजल की सबसे कम कीमतों में से एक है. इसका कारण है कि दो मौकों पर नवंबर, 2021 और मई, 2022 में सरकार ने केंद्रीय उत्पाद शुल्क कम किया है.”

उन्होंने कहा, ”आज तेल की कोई कमी नहीं है. ईरान, इजराइल समेत तमाम तनावों के बाद भी आज तेल की कीमतें 72-73 डॉलर प्रति बैरल के आसपास होनी चाहिए. बाजार इन चीजों को ध्यान में रख रहा है.” पुरी ने यह भी कहा कि भारत में रिफाइनिंग क्षमता की भी कोई कमी नहीं है.

मंत्री ने कहा, ”बाजार में पर्याप्त कच्चा तेल उपलब्ध है, पर्याप्त रिफाइनरी क्षमता है और हमारे पास बहुत अच्छा वितरण नेटवर्क है. उनके साथ हमारी बहुत अच्छी व्यवस्था है. इसीलिए इस मामले में आशंका वाली कोई बात नहीं है.” पुरी ने कहा कि बाजार में नया तेल आ रहा है. ब्राजील को प्रतिदिन 4,00,000 बैरल अतिरिक्त तेल मिल रहा है. अमेरिका बाजार में और अधिक तेल ला सकता है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu