
कानपुर. मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने रविवार को कहा कि बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव कानून-व्यवस्था के दायरे में पूरी तरह शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न होंगे. कुमार ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा, “निर्वाचन आयोग चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की हिंसा को कतई बर्दाश्त नहीं करेगा. बिहार में चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न होंगे तथा सभी मतदाताओं को लोकतंत्र का उत्सव मनाने का अवसर मिलेगा. मतदान कानून-व्यवस्था के दायरे में होगा.”
उन्होंने कहा, “किसी भी प्रकार की हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सभी मतदाता शांतिपूर्ण, स्वतंत्र और पारदर्शी तरीके से अपना वोट डाल सकेंगे. निर्वाचन आयोग इसके लिए पूरी तरह तैयार है.” मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा, “मैं यह स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि निर्वाचन आयोग के लिए कोई पक्ष या विपक्ष नहीं है. हमारे लिये सभी ‘समकक्ष’ हैं.”
उन्होंने कहा, “हमारे 243 पीठासीन अधिकारी, इतनी ही संख्या में पर्यवेक्षक, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, पुलिस पर्यवेक्षक और व्यय पर्यवेक्षक सभी तैयार हैं. मुझे विश्वास है कि बिहार के चुनाव न केवल पारर्दिशता, क्षमता, सादगी और लोकतंत्र की उत्सवपूर्ण भावना के साथ होंगे बल्कि पूरी दुनिया के लिए एक आदर्श स्थापित करेंगे.” बिहार की 243 सदस्यीय विधानसभा के लिए इसी माह छह नवंबर और 11 नवंबर को दो चरणों में मतदान होगा जबकि मतगणना 14 नवंबर को होगी. कुमार ने कहा, “मैं बिहार के सभी मतदाताओं से अपील करता हूं कि वे एकजुट होकर लोकतंत्र के इस उत्सव को मनाएं. सभी को अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए आगे आना चाहिए. मुझे उम्मीद है कि हर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेगा. जय हिंद, जय भारत.”



