यूक्रेन की जवाबी कार्रवाई के बीच रूस ने किए हमले तेज

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 28 Jul 2022 07:15 PM
यूक्रेन की जवाबी कार्रवाई के बीच रूस ने किए हमले तेज
ऑडियो सुनें

कीव/जोहानिसबर्ग. रूसी सेना ने बृहस्पतिवार को यूक्रेन के कीव और चेर्नीहीव क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर मिसाइल से हमले किए. इन इलाकों को गत कई हफ्तों से निशाना नहीं बनाया गया था. वहीं, यूक्रेन के अधिकारियों ने रूस के कब्जे वाले देश के दक्षिण हिस्से को मुक्त कराने के लिए अभियान शुरू करने की घोषणा की है.

कीव के क्षेत्रीय गवर्नर ओलेक्सि कुलेबा ने टेलीग्राम ऐप के जरिये दिए बयान में कहा कि क्षेत्र के विशगोरोड जिले में बृहस्पतिवार तड़के बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया. हालांकि, तत्काल स्पष्ट नहीं हो सका है कि क्या इन हमलों में कोई हताहत भी हुआ है या नहीं.
विशगोरोड जिला, कीव से 20 किलोमीटर उत्तर में स्थित है. कुलेबा के मुताबिक हमला राजकीय दिवस के अवसर पर किया गया जिसे यूक्रेन पहली बार बृहस्पतिवार को मना रहा है.

कुलेबा ने यूक्रेनियाई टेलीविजन चैनल पर कहा, ‘‘ रूस, मिसाइल के जरिये जन विरोध का बदला ले रहा है.’’ उन्होंने कहा, ‘‘यूक्रेन पहले ही रूस के मनसूबों को नाकाम कर चुका है और अपनी रक्षा करना जारी रखेगा.’’ चेर्नीहीव के गवर्नर व्याचेस्लाव चौस ने बताया कि पड़ोसी देश बेलारूस की सीमा से कई मिसाइल होंचारिव्स्का गांव पर दागी गई.

गौरतलब है कि रूसी सेना कई महीने पहले इलाके पर कब्जा करने में नकाम रहने के बाद कीव और चेर्नीहीव से लौट चुकी थी. रूस की ओर से नए सिरे से हमले पूर्वी यूक्रेन के मॉस्को समर्थक नेता डेनिस पुशिलिन की अपील के बाद किये गये हैं. पुशिलिन ने सार्वजनिक रूप से रूसी सेना से अपील की थी कि वह ‘‘रूसी लोगों द्वारा बसाए गए रूसी शहरों जैसे कीव, चेर्नीहीव, पोलत्वा, ओडेसा, निप्रोपेत्रोव्स्क, खारकीव, जÞैपसोरिजÞयिा और लुत्स्क को मुक्त कराए.’’ यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव पर भी बुधवार-बृहस्पतिवार की दरमियानी रात गोलाबारी की गई. यह जानकारी शहर के महापौर इहोर तेरेखोव ने दी. दक्षिण शहर मिकोलेव पर भी गोलाबारी की खबर है, जिसमें एक व्यक्ति घायल हुआ है.

इस बीच, यूक्रेन की सेना का रूसी कब्जे वाले देश के दक्षिण हिस्से खेरसॉन में जवाबी कार्रवाई जारी है. यूक्रेनियाई सेना ने बुधवार को निपर नदी पर बने पुल को निशाना बनाया. यूक्रेन की मीडिया ने बृहस्पतिवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के सलाहकार ओलेक्सि अरेस्टोविच को उद्धृत करते हुए कहा, ‘‘खेरसॉन को मुक्त कराने के लिए अभियान पहले ही शुरू हो चुका है.’’ अरेस्टोविच ने कहा कि कीव की सेना रूसी सैनिकों को अलग-थलग करने की योजना बना रही है ताकि उनके पास केवल तीन विकल्प बचे, पहला-पीछे हटना, दूसरा-संभव हो तो आत्मसमर्पण करना-और तीसरा-युद्ध में मारा जाना.

अफ्रीकी देशों के समर्थन पाने के लिए महाद्वीप का दौरा कर रहे पश्चिमी और रूसी नेता

रूस, फ्रांस और अमेरिका के नेता यूक्रेन में चल रहे युद्ध पर अपने रुख के लिए समर्थन जुटाने के वास्ते अफ्रीकी देशों का दौरा कर रहे हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि अफ्रीकी महाद्वीप पर अपना प्रभाव बढ़ाने के उद्देश्य से रूस और पश्चिमी देशों द्वारा शीत युद्ध के बाद की जा रही यह सबसे बड़ी कवायद है.

रूस के विदेश मंत्री सर्जेई लावरोव और फ्रांस के राष्ट्रपति एम्मानुएल मैक्रों इस सप्ताह कई अफ्रीकी देशों का दौरा कर रहे हैं. अंतरराष्ट्रीय विकास के लिए अमेरिकी एजेंसी (यूएस-एड) की प्रमुख समांथा पावर ने गत सप्ताह केन्या और सोमालिया का दौरा किया.
संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका की राजदूत ंिलडा थॉमस-ग्रीनफील्ड अगले सप्ताह घाना और युगांडा के दौरे पर जाएंगी. सुशासन को प्रोत्साहन देने वाली संस्था ‘डेमोक्रेसी वर्क्स’ के निदेशक विलियम गुमेदे ने कहा, ‘‘ऐसा लगता है जैसे अफ्रीका में नया शीत युद्ध छिड़ गया है जहां प्रतिद्वंद्वी खेमे अपना प्रभाव कायम करने का प्रयास कर रहे हैं.’’

सूखे और भूख की मार झेल रहे अफ्रीकी महाद्वीप की यात्रा के दौरान लावरोव, पश्चिम को खलनायक की तरह पेश कर रहे हैं और उस पर भोजन की बढ़ती कीमतों का दोष मढ़ रहे हैं. वहीं, पश्चिमी देशों ने क्रेमलिन पर भोजन को एक हथियार के रूप में इस्तेमाल करने और औपनिवेशिक तरीके से युद्ध लड़ने का आरोप लगाया है. राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के शासनकाल में रूस कई वर्षों से अफ्रीका का समर्थन हासिल करने का प्रयास कर रहा है.

इन कोशिशों का इतिहास लगभग आधी सदी पुराना है जब सोवियत संघ ने, औपनिवेशिक शासन को समाप्त करने के लिए लड़ रहे कई अफ्रीकी देशों में आंदोलन को समर्थन दिया था. गुमेदे ने कहा, ‘‘अब यह अभियान तेजी पकड़ रहा है.’’ अफ्रीका पर मास्को का असर मार्च में दिखाई पड़ा जब यूक्रेन पर रूस के हमले की ंिनदा पर संयुक्त राष्ट्र में मतदान किया जा रहा था. प्रस्ताव के पक्ष में 28 अफ्रीकी देशों ने मतदान किया था जबकि 25 सदस्य देशों ने या तो मतदान नहीं करने पर मत डाला या मतदान नहीं किया.

रूस के शीर्ष राजनयिक ने इस सप्ताह मिस्र, कांगो, युगांडा और इथियोपिया की का दौरा किया और दोस्ती का वादा कर भोजन की बढ़ती कीमतों के लिए अमेरिका तथा यूरोपीय देशों की पर्यावरण की नीतियों को जिम्मेदार ठहराया. युगांडा के राष्ट्रपति योवेरी मुसेवेनी ने लावरोव का स्वागत किया और यहां तक कहा कि चूंकि यूक्रेन रूस के प्रभाव क्षेत्र के भीतर है इसलिए वहां पुतिन की कार्रवाई का मतलब समझ में आता है. लावरोव ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार की वकालत करते हुए अफ्रीकी देशों को शामिल करने का समर्थन किया.

युगांडा के राजनीतिक विशेषज्ञ आसुमन बिसीका ने कहा कि तीन दशकों से शासन कर रहे मुसेवेनी को रूस ने संबंध प्रगाढ़ करने के लिए चुना है. बिसीका ने कहा, ‘‘पूर्वी अफ्रीका में युगांडा एक महत्वपूर्ण देश है.’’ कोविड-19 महामारी फैलने की शुरुआत से ही मुसेवेनी सार्वजनिक तौर पर मास्क लगाने के नियम का कड़ाई से पालन कर रहे थे लेकिन लावरोव से मुलाकात के दौरान उन्होंने मास्क नहीं लगाया था.

रूस, अफ्रीकी देशों में अपना प्रभाव बढ़ाने के लिए अपने सरकारी टीवी प्रसारक नेटवर्क ‘आर टी’ का भी सहारा ले रहा है. आर टी ने जोहानिसबर्ग में अपना नया ब्यूरो खोलने की घोषणा की है. गौरतलब है कि यूरोपीय संघ और ब्रिटेन द्वारा रूस पर प्रतिबंध लगाने के बाद मार्च में आर टी को अफ्रीका के सबसे बड़े भुगतान टीवी मंच ‘मल्टीचॉइस’ से हटा दिया गया था.

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu