इजराइली सेना ने गाजा में कुछ घंटों तक किया जमीनी हमला

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 26 Oct 2023 08:31 PM
इजराइली सेना ने गाजा में कुछ घंटों तक किया जमीनी हमला
ऑडियो सुनें

रफाह/यरुशलम/वाशिंगटन/संयुक्त राष्ट्र.  इजराइली सैनिकों और टैंकों ने बृहस्पतिवार को उत्तरी गाजा में कुछ देर तक जमीनी हमला किया. सेना ने बताया कि दो सप्ताह से अधिक समय के हवाई हमलों के बाद संभावित जमीनी आक्रमण के मद्देनजर ”युद्धक्षेत्र तैयार” करने के लिए कई आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया.

यह हमला ऐसे वक्त किया गया जब संयुक्त राष्ट्र ने आगाह किया है कि गाजा पट्टी में ईंधन खत्म होने के कगार पर है जिससे उसे क्षेत्र में राहत प्रयास रोकने के लिए मजबूर होना पड़ेगा. इस महीने की शुरुआत में दक्षिणी इजराइल में हमास के हमले के बाद गाजा में भीषण घेराबंदी की गई है जहां भोजन, पानी तथा दवाएं खत्म हो रही हैं. दशकों से चले आ रहे इजराइल-फलस्तीन संघर्ष में गाजा में मरने वालों की बढ.ती संख्या अभूतपूर्व है.

हमास शासित गाजा में स्वास्थ्य मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को कहा कि संघर्ष में 7,000 से अधिक फलस्तीनी मारे गए हैं, हालांकि इस आंकड़े का स्वतंत्र रूप से सत्यापन नहीं किया जा सका है. यदि इजराइल हमास को खत्म करने के उद्देश्य से जमीनी आक्रमण शुरू करता है, तो इससे भी अधिक जानमाल का नुकसान हो सकता है. गाजा पर 2007 से हमास का शासन है और चार बार इजराइल से इसका युद्ध हो चुका है.

दक्षिणी शहर खान यूनिस में इजराइली हवाई हमलों में आठ से अधिक घर नष्ट हो गए, जिसमें कम से कम 15 लोग मारे गए.
संयुक्त राष्ट्र के आंकड़ों के अनुसार, साल 2014 के युद्ध से तुलना करें तो छह दिन तक चली उस जंग में 2,251 फलस्तीनी मारे गए थे, जिनमें ज्यादातर आम लोग थे. बुधवार को गाजा में इजराइली हमले में ‘अल-जजीरा’ चैनल के वरिष्ठ संवाददाता वईल दहदूह की पत्नी, बेटे, बेटी और पोते की मौत हो गई.

कतर के टीवी चैनल ‘अल-जजीरा’ ने एक वीडियो प्रसारित किया जिसमें दहदूह अस्पताल में अपने मृत बेटे को देखते नजर आते हैं. बृहस्पतिवार को उन्होंने और अन्य शोकाकुल व्यक्तियों ने अंतिम संस्कार में हिस्सा लिया. इजराइली सेना ने कहा कि उसने केवल हमास के ठिकानों पर हमला किया है. इसने हमास पर घनी आबादी वाले गाजा में नागरिकों के बीच रहकर अभियान चलाने का आरोप लगाया.

सेना ने बताया कि रातभर किए गए हमलों के दौरान सैनिकों ने हमास के लड़ाकों, ठिकानों और टैंक विध्वंसक मिसाइल स्थलों पर हमले किए. अभी किसी भी पक्ष ने हताहतों की जानकारी नहीं दी है. सेवानिवृत्त जनरल और इजराइल युद्ध कैबिनेट के सदस्य बेनी गेंट्ज ने कहा, ह्लअभियान जल्द ही और अधिक ताकत के साथ तेज होगाह्व

इजराइल अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहा है, गाजा में जमीनी आक्रमण जल्द : नेतन्याहू
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि उनका देश अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहा है और गाजा में जमीनी आक्रमण करने की तैयारियां की जा रही हैं और ”हमास के सभी सदस्यों की मौत करीब है.” उन्होंने बुधवार शाम को राष्ट्र को दिए संबोधन में कहा कि युद्ध के दो मुख्य लक्ष्य ”हमास की सैन्य और शासन क्षमताओं को नष्ट कर उसका खात्मा करना और हमारे बंधकों को घर वापस लाने के लिए हरसंभव कदम उठाना है.” राष्ट्रीय एकता का आह्वान करते हुए नेतन्याहू ने कहा, ”इजराइल अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहा है. जमीन के ऊपर और नीचे, गाजा के अंदर और बाहर – हमास के सभी सदस्यों की मौत करीब है.”

उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्री याओव गैलेंट, मंत्री बेनी गैंट्ज, सुरक्षा मंत्रिमंडल, चीफ ऑफ स्टाफ तथा सुरक्षा संगठनों के प्रमुखों के साथ ”हम जीत मिलने तक युद्ध के लक्ष्यों को हासिल करने के लिए चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं और राजनीतिक नफा-नुकसान के बारे में सोचे बगैर काम कर रहे हैं.” इजराइली प्रधानमंत्री ने कहा कि लक्ष्य ”देश को बचाना, जीत हासिल करना है.” उन्होंने कहा, ”हम हमास पर कहर बरपा रहे हैं और हम हजारों आतंकवादियों का खात्मा कर चुके हैं तथा यह तो बस शुरुआत है.” गाजा में निकट भविष्य में जमीनी आक्रमण की अटकलों के बारे में नेतन्याहू ने कहा कि यह जल्द होगा लेकिन उन्होंने यह नहीं बताया कि कब और कैसे होगा.

उन्होंने कहा, ”हम जमीनी आक्रमण की तैयारी कर रहे हैं. मैं यह नहीं बताऊंगा कि कब, कैसे, कितने. यह इसलिए ताकि हम अपने सैनिकों की जिंदगी बचा सकें.” इजराइल ने सात अक्टूबर को हमास के बर्बर हमले के बाद से गाजा में जमीनी अभियान के लिए 3,50,000-4,00,000 सैनिकों को तैनात करने की योजना बनायी है. नेतन्याहू ने हमास की तुलना इस्लामिक स्टेट से करते हुए कहा, ”जब हम लड़ाई जारी रहने के बीच गाजा में जाएंगे तो हम हत्यारों, अत्याचारों के दोषियों से पूरी कीमत वसूल करेंगे.”

बाइडन ने पश्चिमी तट पर इजराइली बाशिंदों की जवाबी हिंसा की की निंदा

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने इजराइल पर हमास के सात अक्टूबर के हमले के बाद पश्चिमी तट पर फलस्तीनियों के खिलाफ इजराइली बाशिंदों (इजराइल द्वारा बसाये गये लोगों) द्वारा की जा रही प्रतिशोधात्मक हिंसा की बुधवार को निंदा की . उन्होंने यह भी कहा कि दशकों पुराने इजराइल-फलस्तीन संघर्ष को खत्म करने के लिए दविराष्ट्र समाधान की दिशा में काम करने की अपनी कटिबद्धता वह दोगुणा कर रहे हैं.

बाइडन ने आस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी एल्बनीज के साथ संवाददाता सम्मेलन की शुरुआत में कहा कि ‘चरमपंथी बाशिंदो’ के हमले , हमास के हमले के बाद से पश्चिम एशिया में पहले से जल रही आग में ‘गैसोलिन डालने’ की भांति हैं. बाइडन ने कहा, ” इसे रूकना ही होगा. उन्हें जवाबदेह ठहराया जाएगा. उसे अब रूकना ही होगा.” एल्बजीन को अमेरिका की राजकीय यात्रा का सम्मान प्रदान किया जा रहा है.

रूस, चीन ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में गाजा को लेकर अमेरिका के प्रस्ताव पर वीटो इस्तेमाल किया
रूस और चीन ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में गाजा तक मानवीय मदद पहुंचाने के लिए युद्ध विराम का आह्वान करने वाले अमेरिका के नेतृत्व में लाए एक प्रस्ताव के मसौदे पर वीटो का इस्तेमाल किया. इसके बाद ब्रिटेन और अमेरिका ने भी इजराइल-हमास संघर्ष पर रूस द्वारा लाए गए एक विपरीत प्रस्ताव के खिलाफ वीटो इस्तेमाल किया.

संयुक्त राष्ट्र की 15 सदस्यीय सुरक्षा परिषद ने इजराइल-हमास संघर्ष पर अमेरिका तथा रूस द्वारा पेश किए दो विरोधी प्रस्तावों पर वीटो किया. अमेरिका द्वारा पेश किए गए पहले प्रस्ताव में कहा गया है कि सदस्य देशों को आतंकवादी कृत्यों से शांति तथा सुरक्षा के लिए पैदा किए गए खतरों के खिलाफ अपनी रक्षा करने का अधिकार है. इसमें हमास आतंकवादियों द्वारा शासित क्षेत्र गाजा में पूर्ण, त्वरित, सुरक्षा तथा निर्बाध पहुंच के लिए सभी उपाय करने का आह्वान किया गया है.

सुरक्षा परिषद के स्थायी सदस्यों रूस तथा चीन ने अमेरिका द्वारा पेश किए इस प्रस्ताव पर वीटो का इस्तेमाल किया. संयुक्त अरब अमीरात ने भी प्रस्ताव के मसौदे के खिलाफ वीटो किया. इसके पक्ष में 10 (अल्बानिया, फ्रांस, इक्वाडोर, गाबोन, घाना, जापान, माल्टा, स्विट्जरलैंड, ब्रिटेन, अमेरिका) सदस्यों ने वोट किया तथा ब्राजील और मोजाम्बिक मतदान से दूर रहे. इस प्रस्ताव पर मतदान से पहले संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका की राजदूत लिंडा थॉमस-ग्रीनफील्ड ने कहा था कि वाशिंगटन ने मजबूत और संतुलित प्रस्ताव पर आम सहमति बनाने का प्रयास किया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu