भारतीय जूनियर महिला 10 मीटर एयर राइफल टीम ने एशियाई चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 26 Oct 2023 08:52 PM
भारतीय जूनियर महिला 10 मीटर एयर राइफल टीम ने एशियाई चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. सोनम उत्तम मस्कर, गौतमी भनोट और जैस्मिन कौर की भारतीय महिला जूनियर 10 मीटर एयर राइफल टीम ने गुरुवार को कोरिया के चांगवोन में एशियाई निशानेबाजी चैंपियनशिप में जूनियर मीट रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता. भारतीय तिकड़ी 1891.6 अंक के साथ शीर्ष पर रही. सोनम ने 632.6, गौतमी ने 631.9 और जैस्मिन ने 627.1 के साथ 1883.3 अंक के जूनियर एशियाई रिकॉर्ड को तोड़ा जो 2019 में मेहुली घोष, इलावेनिल वलारिवान और श्रेय अग्रवाल ने 2019 में बनाया था.

गौतमी ने 251.3 अंक के साथ व्यक्तिगत रजत पदक भी जीता. चीन की जियाओ रुओशुआन ने 252.4 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता. सोनम चौथे स्थान पर रही. पुरुष युवा 10 मीटर एयर राइफल में अभिनव चौधरी ने 241.8 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता जबकि प्रियांशु यादव चौथे स्थान पर रहे.

पुरुष जूनियर 10 मीटर एयर राइफल वर्ग में भारतीय टीम डिस्क्वालीफाई हो गई जब टीम के एक सदस्य धनुष श्रीकांत को अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज खेल महासंघ (आईएसएसएफ) के नियमों के अनुसार पैंट नहीं पहनने के कारण अयोग्य घोषित कर दिया गया.

उमामहेश मद्दिनेनी, धनुष और अभिनव साव की भारतीय टीम ने 628.5, 627.9 और 625.6 का स्कोर कर कुल 1882 अंक हासिल किए थे जिससे उनका स्वर्ण पदक जीतना और एशियाई जूनियर रिकॉर्ड बनाना तय था लेकिन धनुष को अयोग्य घोषित कर दिया गया.

अभिनव हालांकि व्यक्तिगत वर्ग में 227.6 अंक के साथ कांस्य पदक जीतने में सफल रहे. उमामहेश ने भी फाइनल में जगह बनाई थी लेकिन वह चौथे स्थान पर रहे. महिला युवा 10 मीटर एयर पिस्टल में ऊर्वा चौधरी ने 218.5 अंक के साथ कांस्य पदक जीता. कनिष्का डागर और संस्कृति बाना ने भी फाइनल में जगह बनाई थी लेकिन वे क्रमश: पांचवें और छठे स्थान पर रहे. पुरुष 50 मीटर में रविंदर सिंह ने 556 अंक के साथ रजत पदक जीता. रविंदर (556), अनिकेत विनायक (534) और राम बाबू (530) की टीम कुल 1620 अंक के साथ कांस्य पदक जीतने में सफल रही.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu