निशानेबाज अर्जुन, तिलोत्तमा को रजत और ओलंपिक कोटा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 27 Oct 2023 07:35 PM
निशानेबाज अर्जुन, तिलोत्तमा को रजत और ओलंपिक कोटा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय निशानेबाजों अर्जुन बाबुता और तिलोत्तमा सेन ने कोरिया के चांगवोन में चल रही एशियाई चैम्पियनशिप में पुरूषों और महिलाओं की दस मीटर एयर राइफल स्पर्धा में शुक्रवार को रजत पदक जीतकर पेरिस ओलंपिक का कोटा हासिल किया .
24 वर्ष के बाबुता, दिव्यांश सिंह पंवार और ह्रदय हजारिका ने 1892 . 4 के स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता.

बाबुता ओलंपिक कोटा हासिल करने वाले भारत के नौवें निशानेबाज बन गए . महिला और पुरूष वर्ग में पेरिस ओलंपिक का कोटा हासिल करने वाले वह सातवें राइफल निशानेबाज बन गए. उन्होंने कहा ,” मुझे याद नहीं कि आखिरी बार इतना खुश कब हुआ था . यह टीम प्रयासों से संभव हुआ जिसमें कोचों, मनोवैज्ञानिकों और हर किसी का योगदान है . अब इससे बेहतर प्रदर्शन का प्रयास करेंगे .” 15 वर्ष की तिलोत्तमा ने महिलाओं के फाइनल में 252 . 3 अंक बनाकर भारत के लिये दसवां कोटा हासिल किया . वह स्वर्ण पदक से मामूली अंतर से चूक गई . कोरिया की युंजी क्वोन ने 252 . 4 अंक के साथ स्वर्ण जीता . भारत की ही रमिता को कांस्य पदक मिला .

तिलोत्तमा ने कहा ,” क्वालीफिकेशन में मुझे काफी दिक्कतें आई . लेकिन मैं अपने प्रदर्शन से खुश हूं .” भारतीय निशानेबाजों ने राइफल में सात कोटा स्थान, शॉटगन में दो और पिस्टल में एक कोटा हासिल किया है . दस मीटर एयर राइफल में इससे पहले रूद्रांक्ष पाटिल ओलंपिक कोटा हासिल कर चुके हैं . एक स्पर्धा में एक देश को अधिकतम दो कोटा स्थान मिल सकते हैं .

बाबुता ने आठ निशानेबाजों के फाइनल में 251 . 2 अंक बनाये . वह क्वालीफिकेशन में 633 . 4 स्कोर करके शीर्ष रहे थे . भारत के दिव्यांश पंवार 209 . 6 अंक बनाकर चौथे स्थान पर रहे . उन्होंने क्वालीफिकेशन में 632 . 3 अंक बनाकर तीसरा स्थान हासिल किया था. रविशंकर कार्तिक और रूद्रांक्ष फाइनल में जगह नहीं बना सके. टीम स्पर्धा में भारत ने स्वर्ण, चीन ने रजत और जापान ने कांस्य जीता.

सीनियर और जूनियर मिश्रित स्कीट टीमों ने स्वर्ण पदक जीते . भारत के अब आठ स्वर्ण, सात रजत और चार कांस्य पदक हो गए हैं जबकि स्पर्धा में पांच दिन और बाकी हैं और सात संभावित कोटा हासिल किये जाने हैं. अनंत जीत सिंह नरूका और दर्शना राठौड़ ने कुवैत के अब्दुल्ला अलरशीदी एमान अल शमा को 40 . 37 से हराकर स्वर्ण पदक जीता . अंगद बाजवा और परिनाज धालीवाल नौवे स्थान पर रहे. जूनियर वर्ग में हरमेहर लाली और रेजा ढिल्लों ने स्वर्ण पदक जीता . रितुराज बुंदेला और संजना सूद चौथे स्थान पर रहे .

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu