भारत ने सुल्तान जोहोर कप हॉकी में पाकिस्तान के साथ 3-3 से ड्रा खेला

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 27 Oct 2023 08:47 PM
भारत ने सुल्तान जोहोर कप हॉकी में पाकिस्तान के साथ 3-3 से ड्रा खेला
ऑडियो सुनें

जोहोर बाहरू. गत चैंपियन भारत ने दो बार पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करके चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को सुल्तान जोहोर कप जूनियर पुरुष हॉकी टूर्नामेंट में शुक्रवार को यहां 3-3 से ड्रॉ पर रोका. भारत की तरफ से अमनदीप लाकड़ा (30वें मिनट), आदित्य अर्जुन लालेज (56वें) और उत्तम सिंह (59वें) ने गोल करके टीम के लिए एक अंक सुनिश्चित किया. पाकिस्तान के लिए अरबाज अहमद (31वें, 58वें) और अब्दुल शाहिद (49वें) ने गोल किये.

टूर्नामेंट के शुरुआती मैच में दोनों टीमों ने अपनी ख्याति के अनुरूप प्रदर्शन किया. दिसंबर में मलेशिया में होने वाले जूनियर विश्व कप से पहले यह टूर्नामेंट सभी टीमों के लिए कड़ी परीक्षा होगा. भारत को गोल करने का पहला मौका 12वें मिनट में मिला लेकिन अंगद बीर सिंह का शॉट निशाने पर नहीं लगा. पहले क्वार्टर में दोनों टीम ने बहुत अधिक आक्रामकता नहीं दिखाई लेकिन उनका रक्षण अच्छा रहा.

पाकिस्तान ने दूसरे क्वार्टर में दमदार शुरुआत की और पहले मिनट में ही पेनल्टी हासिल की लेकिन भारतीय टीम ने उसका अच्छा बचाव किया. भारत को भी इसके बाद पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन वह इसका फायदा नहीं उठा पाया. ड्रैग फ्लिकर अमनदीप ने हालांकि मध्यांतर से ठीक पहले भारत को बढ़त दिला दी लेकिन छोर बदलने के बाद पहले मिनट में ही अबराज अहमद ने पेनल्टी को गोल में बदलकर स्कोर बराबर कर दिया.

भारतीय टीम ने इसके बाद हमलावर तेवर अपनाए. पूवाना बॉबी चंदूरा ने 39वें मिनट में गोल पर अच्छा शॉट लगाया लेकिन पाकिस्तानी गोलकीपर अली रजा ने उसे बचा लिया. तीसरे क्वार्टर के बाद स्कोर 1-1 से बराबरी पर था. पाकिस्तान के कप्तान अब्दुल शाहिद ने 49वें मिनट में भारतीय गोलकीपर मोहित को छकाकर अपनी टीम को बढ़त दिलाई. भारत ने इसके एक मिनट बाद पेनल्टी कार्नर हासिल किया लेकिन वह उसे गोल में नहीं बदल पाया.

जब खेल समाप्त होने में पांच मिनट का समय बचा था तब भारत को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला जिस पर आदित्य ने रिबाउंड पर गोल किया. अरबाज ने हालांकि जल्द ही पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके पाकिस्तान को फिर से आगे कर दिया. उत्तम ने अंतिम हूटर बजने से एक मिनट पहले मैदानी गोल करके भारत को बराबरी दिलाई. भारत अपना अगला मैच शनिवार को मलेशिया से खेलेगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu