महिला एशियाई चैंपियन्स ट्रॉफी: जापान को 2-1 से हराकर भारत ने लगातार चौथी जीत दर्ज की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 31 Oct 2023 10:43 PM
महिला एशियाई चैंपियन्स ट्रॉफी: जापान को 2-1 से हराकर भारत ने लगातार चौथी जीत दर्ज की
ऑडियो सुनें

रांची. नवनीत कौर और संगीता कुमारी के गोल से भारतीय महिला हॉकी टीम ने मंगलवार को यहां एशियाई चैंपियन्स ट्रॉफी में जापान को 2-1 से हराकर लगातार चौथी जीत के साथ अंक तालिका के शीर्ष पर अपनी स्थिति मजबूत कर ली. लगातार तीन जीत दर्ज करने वाले जापान की यह प्रतियोगिता में पहली हार है. भारत के लिए नवनीत कौर ने 31वें जबकि संगीता कुमारी ने 47वें मिनट में गोल दागा. जापान की ओर से एकमात्र गोल काना उराता ने 37वें मिनट में किया.

इस जीत से भारत चार मैच में चार जीत से 12 अंक के साथ शीर्ष पर चल रहा है. भारत के खिलाफ हार के बावजूद जापान चार मैच में नौ अंक के साथ दूसरे स्थान पर है. भारत ने मैच में तेज शुरुआत की लेकिन टीम को पहले दो क्वार्टर में गोल करने में सफलता नहीं मिली. जापान के खिलाड़ी भी पहले दो क्वार्टर में मौकों को भुनाने में नाकाम रहे जिससे मध्यांतर तक दोनों टीम गोल रहित बराबर चल रही थी.

तीसरे क्वार्टर के पहले ही मिनट में नवनीत कौर ने मैदानी गोल दागकर भारत को बढ.त दिलाई. भारत हालांकि इस गोल का अच्छी तरह से जश्न भी नहीं मना पाया था कि जापान ने पेनल्टी कॉर्नर पर दागे काना उराता के गोल की बदौलत बराबरी हासिल कर ली.
तीसरे क्वार्टर के बाद स्कोर 1-1 से बराबर था. भारत ने जीत की तलाश में चौथे क्वार्टर में आक्रामक शुरुआत की. टीम को दूसरे ही मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला जिसे संगीता ने गोल में बदलकर भारत को 2-1 से आगे कर दिया जो निर्णायक स्कोर साबित हुआ.
दिन के अन्य मुकाबलों में चीन ने मलेशिया को 4-0 से हराया जबकि दक्षिण कोरिया ने थाईलैंड को 3-0 से शिकस्त दी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu