विधायक पर हमले की कोशिश, CRPF का पूर्व जवान गिरफ्तार, पत्नी को परेशान करने का आरोप

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 29 Aug 2024 07:49 PM
विधायक पर हमले की कोशिश, CRPF का पूर्व जवान गिरफ्तार, पत्नी को परेशान करने का आरोप
ऑडियो सुनें

जयपुर. कांग्रेस के सचेतक एवं विधायक रफीक खान पर एक व्यक्ति ने बृहस्पतिवार को यहां हमला करने की कोशिश की. हालांकि वहां मौजूद लोगों ने उसे रोक लिया और उसकी पिटाई कर दी. पुलिस ने बताया कि सीआरपीएफ के पूर्व जवान विकास जाखड़ ने आरोप लगाया था कि विधायक उनकी पत्नी को परेशान कर रहे हैं.

आदर्श नगर से विधायक और विधानसभा में कांग्रेस के मुख्य सचेतक रफीक खान के घर पर मौजूद लोगों ने शौर्य चक्र से सम्मानित जाखड़ को हमला करने से पहले ही रोक लिया. पुलिस के अनुसार आरोपी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) का पूर्व सहायक कमांडेंट है, जिसे शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है. सदर थाने के थानाधिकारी बलबीर कस्वां ने बताया कि झुंझुनू का निवासी जाखड़ बृहस्पतिवार को जयपुर के आदर्श नगर विधायक के आवास पर पहुंचा.

उन्होंने बताया कि जाखड़ की किसी बात को लेकर विधायक से तीखी बहस हुई और जाखड़ ने विधायक का गिरेबां पकड़ लिया. थानाधिकारी ने बताया कि इससे पहले कि जाखड़ कुछ और कर पाता, वहां मौजूद लोगों ने उसे पकड़कर पीट दिया. विधायक ने बताया कि आरोपी ने अचानक उनकी छाती पर वार किया. उन्होंने कहा, “जब मैं रवाना होने वाला था, तभी कोई व्यक्ति आया और मेरी छाती पर वार कर दिया. उसने मेरी गर्दन दबाने की कोशिश की और मेरा कॉलर पकड़ लिया. मैंने उसके दोनों हाथ पकड़ लिए और फिर वहां मौजूद समर्थकों और लोगों ने उसे हटा दिया.’ विधायक ने कहा कि उन्हें आरोपी की मंशा या पृष्ठभूमि के बारे में नहीं पता लेकिन आपराधिक मानसिकता वाला व्यक्ति ही ऐसा कृत्य कर सकता है.

उन्होंने कहा, “पुलिस मामले की जांच कर रही है और वही उसके इरादों के बारे में बता सकती है. मुझे उस व्यक्ति या उसकी पृष्ठभूमि के बारे में कोई जानकारी नहीं है.” एसएचओ ने बताया कि 39 वर्षीय आरोपी जाखड़ ने 2021 में सीआरपीएफ से इस्तीफा दे दिया था और वह शौर्य चक्र से सम्मानित है. उन्होंने कहा, “जाखड़ ने आरोप लगाया है कि विधायक उसकी पत्नी को परेशान कर रहे थे, इसलिए उसने गुस्से में ऐसा किया.” उन्होंने बताया कि आरोपी को शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu