गौरव गोगोई आईएसआई एजेंट, लेकिन पत्नी के मुकाबले कम संलिप्त हैं: हिमंत विश्व शर्मा

गुवाहाटी. असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि विपक्षी कांग्रेस की राज्य इकाई के अध्यक्ष गौरव गोगोई पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के एजेंट हैं, हालांकि वह अपनी पत्नी की तुलना में कम संलिप्त हैं. मुख्यमंत्री ने यहां एक कार्यक्रम से इतर कहा कि गोगोई देश में आतंकवादी हमलों के समय चुप रहते हैं और निश्चित रूप से पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के एजेंट हैं. शर्मा कुछ महीनों से गोगोई और उनकी ब्रिटिश पत्नी एलिजाबेथ कोलबर्न पर निशाना साध रहे हैं. शर्मा आरोप लगाते रहे हैं कि गोगोई और उनकी पत्नी का पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई से संबंध है.

मुख्यमंत्री ने कहा, ”हो सकता है कि उनकी (गोगोई की) पत्नी थोड़ी ज्यादा संलिप्त हों और वह थोड़ा कम हों, लेकिन यह निर्विवाद है कि दोनों पाकिस्तानी एजेंट हैं और हमारे पास पर्याप्त सबूत हैं.” उन्होंने कहा कि गायक जुबिन गर्ग के निधन के बाद अक्टूबर और नवंबर असम के लोगों के लिए दुख से भरा रहा है और यही कारण है कि वह इस मुद्दे पर कोई कदम नहीं उठा रहे हैं. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता शर्मा ने कहा कि यह राजनीति के लिए ठीक समय नहीं है.

उन्होंने आरोप लगाया, ” लेकिन, मैं राज्य के मुख्यमंत्री के तौर पर कह रहा हूं कि वह और उनका परिवार पाकिस्तान के साथ मिले हुए हैं.” शर्मा ने दावा किया, ”गौरव गोगोई पाकिस्तान के साथ हैं और उनका पूरा परिवार आईएसआई के लिए काम कर रहा है. इसलिए, किसी भी विध्वंसकारी घटना के दौरान, वह उस देश की आलोचना नहीं कर सकते.” मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि जब पाकिस्तान की संलिप्तता से कोई दुर्भाग्यपूर्ण घटना होती है तो गोगोई तुरंत उसकी निंदा नहीं करते बल्कि काफी बाद में आलोचना करते हैं, ”क्योंकि इस बीच वह उनसे अनुमति ले लेते हैं.”

शर्मा ने कहा, ”जब हमारा देश दिल्ली विस्फोट के शोक में डूबा था, तब उन्होंने इस बारे में कुछ नहीं कहा. बाद में उन्होंने फेसबुक पर एक पोस्ट लिखी, लेकिन उसमें ‘निंदा’ शब्द कहीं नहीं था.” भाजपा नेता ने दावा किया कि बाद में जब कई लोगों ने इस बारे में लिखा तो उन्होंने भारी मन से वह शब्द जोड़ दिया.

उन्होंने कहा, ”गोगोई में चरमपंथ के खिलाफ आवाज उठाने का साहस नहीं है.” राज्य में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा के लिए बुधवार को हुई विपक्ष की बैठक का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने दावा किया कि कल की बैठक का एकमात्र उद्देश्य आगामी एक शादी पर चर्चा करना था. शर्मा उस वायरल वीडियो क्लिप का जिक्र कर रहे थे जिसमें विपक्षी नेता असम जातीय परिषद के अध्यक्ष लुरिनज्योति गोगोई को उनकी शादी की योजना को लेकर चिढ़ाते नजर आ रहे थे.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button