गोविंदा को अस्पताल से आज छुट्टी दे दी जाएगी: उनके परिवार ने कहा

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Fri, 04 Oct 2024 01:20 PM
गोविंदा को अस्पताल से आज छुट्टी दे दी जाएगी: उनके परिवार ने कहा
ऑडियो सुनें

मुंबई: अभिनेता गोविंदा के परिवार ने कहा कि शुक्रवार को यहां अस्पताल से उन्हें छुट्टी मिल जाएगी। रिवॉल्वर से दुर्घटनावश गोली चल जाने से 60 वर्षीय अभिनेता घायल हो गए थे। उनके पैर में चोट आई थी। गोंिवदा की मंगलवार को निजी अस्पताल में सर्जरी की गई थी जिसके बाद उनके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है।

अभिनेता की बेटी टीना आहूजा ने संवाददाताओं के साथ उनके स्वास्थ्य के बारें में जानकारी साझा करते हुए कहा, ‘‘वह पहले से बेहतर हैं। उन्हें आज छुट्टी दी जा रही है।’’ उनकी पत्नी सुनीता आहूजा ने भी संवाददाताओं को बताया कि गोंिवदा को कम से कम छह सप्ताह तक आराम करने की सलाह दी गई है।

उन्होंने कहा, ‘‘उन्हें (गोविंदा) आज छुट्टी दे दी जाएगी। मैं उन्हें यहां लाऊंगी, लेकिन उन्हें अभी खड़े होने में दिक्कत रहेगी… वह ठीक हैं और कुछ दिनों में फिर से डांस करना शुरू कर देंगे। सभी ने उनके लिए प्रार्थना की है और हम पर माता रानी का आशीर्वाद है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘चिकित्सक ने उन्हें घर पर छह सप्ताह तक आराम करने के लिए कहा है। इसलिए, हम उन्हें ज्यादा लोगों से मिलने की इजाजत नहीं देंगे क्योंकि संक्रमण हो सकता है। उन्हें आराम करने की जरूरत है।’’ मंगलवार को गोंिवदा जब हवाई अड्डे के लिए घर से रवाना होने वाले थे तभी उनकी रिवॉल्वर से दुर्घटनावश गोली चल गई जिससे वह घायल हो गए।

इस मामले में स्थानीय पुलिस और मुंबई की अपराध शाखा ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं की गई है। अभिनेता का इलाज करने वाले डॉ. रमेश अग्रवाल ने बताया कि गोली उनके बाएं घुटने के नीचे लगी है और उन्हें 8-10 टांके आए हैं।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav