भारतीय टीम का ऐसा दबदबा है कि विश्व कप में अब तक कोई टक्कर नहीं दे सका: स्मिथ

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 30 Oct 2023 07:37 PM
भारतीय टीम का ऐसा दबदबा है कि विश्व कप में अब तक कोई टक्कर नहीं दे सका: स्मिथ
ऑडियो सुनें

मुंबई. दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान ग्रीम स्मिथ का मानना है कि अनुभवी हरफनमौला हार्दिक पंड्या के चोटिल होने के बाद भारतीय टीम का संतुलन प्रभावित हुआ है लेकिन मौजूदा विश्व कप में टीम का ऐसा दबदबा है कि उसे अब तक किसी प्रतिद्वंद्वी से कड़ी टक्कर नहीं मिली है. भारतीय टीम लीग चरण में शानदार फॉर्म में है और उसने अब तक सभी छह मैचों में बड़ी जीत दर्ज कर खुद को 10 टीमों की तालिका में शीर्ष पर मजबूती से स्थापित कर लिया है.

स्मिथ ने सोमवार को यहां एक विशेष साक्षात्कार में ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ” भारत ने इतना प्रभावशाली प्रदर्शन किया है कि अभी तक टूर्नामेंट में उसे कड़ी टक्कर नहीं मिली है. इंग्लैंड के खिलाफ टीम के 230 रन बनाने के बाद लगा कि वे मुश्किल में है लेकिन वह पिच बल्लेबाजों के लिए आसान नहीं थी. उन्होंने अब तक पूरा दबदबा बनाया है.” स्मिथ ने यह स्वीकार किया कि एक टीम के रूप में भारत पिछले कुछ वर्षों से घरेलू मैदान पर एक मजबूत प्रतिद्वंद्वी रहा है.

उन्होंने कहा, ” घरेलू मैदान पर भारत को हराना हमेशा कठिन होता है. वे अपनी परिस्थितियों में बहुत अच्छा खेलते हैं. आपके पास संतुलन है. तेज और स्पिन गेंदबाजी का शानदार मिश्रण है. आपने अपनी सभी खामियों को दूर किया है.” दक्षिण अफ्रीका के सबसे सफल कप्तान रहे स्मिथ ने कहा कि हार्दिक के चोटिल होने से भारतीय टीम का संतुलन थोड़ा गड़बड़ा गया है.

उन्होंने कहा, ”इस समय एक चिंता यह है कि हार्दिक पंड्या की चोट के कारण आप एक अतिरिक्त गेंदबाज के साथ खेल रहे हैं. इससे उन्होंने थोड़ा सा संतुलन खो दिया है जो हार्दिक टीम में लाते हैं.” इस पूर्व सलामी बल्लेबाज ने कहा, ”किसी टीम के खिलाफ अगर आपने तीन-चार विकेट जल्दी गंवा दिये तो आप एक बल्लेबाज की कमी महसूस करोगे.”

स्मिथ ने कहा, ” भारतीय टीम और इंडियन प्रीमियर लीग को देखे तो आपके पास ऐसे खिलाड़ियों की कोई कमी नहीं है जो इन परिस्थितियों से निपटने का तरीका ढूंढ सकते हैं.” भारतीय टीम के मैचों में स्टेडियम दर्शकों से खचाखच भरे रहे हैं. स्मिथ ने कहा कि भारतीय टीम ने प्रशंसकों की उम्मीदों का दबाव हावी नहीं होने दिया है.

उन्होंने कहा, ” भारत में खेलने का दबाव उन पर हावी नहीं हुआ है.” उन्होंने कहा कि इस विश्व कप में भारत के पास सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी इकाई है. स्मिथ कहा, ” भारत के पास दो शानदार स्पिनर के अलावा जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज जैसे कमाल के तेज गेंदबाज है. ये काफी आक्रामक गेंदबाजी इकाई है और किसी भी परिस्थिति में विकेट निकालने की क्षमता रखती है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu