वारसॉ. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क के साथ मुलाकात की और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की. मोदी दो देशों की अपनी यात्रा के पहले चरण में बुधवार को पोलैंड पहुंचे थे. मोदी यूक्रेन की राजधानी कीव भी जाएंगे. प्रधानमंत्री मोदी की पोलैंड यात्रा पिछले 45 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पोलैंड की पहली यात्रा है. वार्ता से पहले चांसलरी में मोदी का औपचारिक स्वागत किया गया.
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “भारत-पोलैंड साझेदारी में मील का एक नया पत्थर. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की वारसॉ में फेडरल चांसलरी में पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने गर्मजोशी से अगवानी की और उनका औपचारिक स्वागत किया. 45 वर्षों के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पोलैंड की यह यात्रा भारत-पोलैंड साझेदारी को नयी गति प्रदान करेगी.” टस्क ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”आखिरकार. 45 साल बाद! प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, आपको वारसॉ में देखकर बहुत अच्छा लगा.” प्रधानमंत्री मोदी पोलैंड के राष्ट्रपति आंद्रेज सेबेस्टियन डूडा के साथ भी बातचीत करेंगे.