‘आईसी 814: द कंधार हाईजैक’ के बहिष्कार की मांग पर मुकेश छाबड़ा ने प्रतिक्रिया दी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 01 Sep 2024 07:20 PM
‘आईसी 814: द कंधार हाईजैक’ के बहिष्कार की मांग पर मुकेश छाबड़ा ने प्रतिक्रिया दी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. वर्ष 1999 में विमान अपहरण की घटना में शामिल आतंकवादियों की वास्तविक पहचान छिपाए जाने के आरोप में सोशल मीडिया पर एक तबके द्वारा वेब सीरीज ‘आईसी 814: द कंधार हाईजैक’ के बहिष्कार की मांग किए जाने के बीच कास्टिंग निर्देशक मुकेश छाबड़ा ने रविवार को दावा किया कि अपराधियों ने एक-दूसरे के लिए नकली नामों का इस्तेमाल किया था और शो के लिए उचित शोध किया गया था.

इस वेब सीरीज का निर्देशन अनुभव सिन्हा ने किया है जो 24 दिसंबर 1999 को काठमांडू से उड़ान भरने के 40 मिनट बाद पांच आतंकवादियों द्वारा एक भारतीय विमान का अपहरण किए जाने की घटना पर आधारित है. यह 29 अगस्त से नेटफ्लिक्स पर प्रसारित हो रही है.

सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ के कई उपयोगकर्ताओं ने पोस्ट साझा करते हुए दावा किया कि निर्माताओं ने एक समुदाय विशेष से संबंधित आतंकवादियों के नाम छिपाने के लिए अपहर्ताओं के नाम बदलकर ‘शंकर’ और ‘भोला’ कर दिए हैं. उन्होंने हैशटैग बॉयकॉट नेटफ्लिक्स, हैशटैग बॉयकॉट बॉलीवुड और हैशटैग आईसी 814 का इस्तेमाल किया. इस संबंध में एक उपयोगकर्ता ने सिन्हा पर तथ्यों को जानबूझकर विकृत करने का आरोप लगाया और साथ ही वेब सीरीज को ”दुष्प्रचार” कहा.

वहीं, एक अन्य व्यक्ति ने लिखा, ”अनुभव सिन्हा ने आईसी 814 अपहर्ताओं के नाम बदलकर शंकर और भोला कर दिए हैं. इस तरह बॉलीवुड ने आतंकवादियों को जीतने दिया.” सोशल मीडिया पर एक अन्य व्यक्ति ने कहा, ”आईसी 814 आतंकवादियों के नाम अहमद उमर सईद शेख, मसूद अजहर और मुश्ताक अहमद जरगर थे, लेकिन फिल्म में इन्हें शंकर और भोला कर दिया गया है.” उद्योग जगत के प्रमुख कास्टिंग निर्देशक छाबड़ा ने कहा कि आतंकवादी एक-दूसरे को संबोधित करने के लिए फर्जी नामों का इस्तेमाल करते थे.

उन्होंने कहा, ”मैं अपहर्ताओं के नामों के बारे में बहुत सारे ट्वीट पढ़ रहा हूं. हमने उचित शोध किया. वे एक-दूसरे को उन नामों (उपनाम या नकली नाम) से पुकारते थे. आप उन्हें जो भी नाम देना चाहें.” पांच आतंकवादियों ने 24 दिसंबर 1999 को काठमांडू से दिल्ली की उड़ान के दौरान आईसी 814 विमान का अपहरण कर लिया था. आतंकवादियों के नाम इब्राहिम अतहर, सनी अहमद काजी, जहूर इब्राहिम, शाहिद अख्तर और सईद शाकिर थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu