पाकिस्तान के मुख्य कोच ने विश्व कप में लचर प्रदर्शन का ठीकरा ‘भारतीय परिस्थितियों’ पर फोड़ा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 30 Oct 2023 07:50 PM
पाकिस्तान के मुख्य कोच ने विश्व कप में लचर प्रदर्शन का ठीकरा ‘भारतीय परिस्थितियों’ पर फोड़ा
ऑडियो सुनें

कोलकाता. विश्व कप में पाकिस्तान के खराब प्रदर्शन से आहत मुख्य कोच ग्रांट ब्रैडबर्न ने सोमवार को इसके लिए ‘अनजान’ भारतीय परिस्थितियों को जिम्मेदार ठहराया. पाकिस्तान की टीम लगातार चार हार के बाद सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर होने के कगार पर है. टीम को अंतिम-चार में पहुंचने के उम्मीदों को बनाये रखने के लिए अपने बाकी तीनों मैचों को मैच बड़े अंतर से जीतना होगा और उम्मीद करनी होगी कि अन्य टीमों के परिणाम भी उनके मुताबिक रहे.

बांग्लादेश के खिलाफ मंगलवार को यहां होने वाले मैच की पूर्व संध्या पर पाकिस्तान के मुख्य को ब्रैडबर्न ने कहा, ” हम ऐसी स्थिति में है जहां हम नहीं रहना चाहते थे. टूर्नामेंट के इस चरण में हम अपनी किस्मत को नियंत्रित करने के लिए प्रतिबद्ध है लेकिन हम ऐसा नहीं कर पा रहे हैं. इससे टीम को निराशा हुई है.” उन्होंने कहा, ”हमारे लिए यह टूर्नामेंट विदेशी परिस्थितियों में है. हमारा कोई भी खिलाड़ी पहले यहां नहीं खेला है. हमारे लिए प्रत्येक स्थल नया है, इसमें यह (कोलकाता) भी शामिल है.” ब्रैडबर्न ने कहा कि उनकी टीम ने अपनी तैयारियों को सही तरीके से पूरा किया है.

उन्होंने कहा, ”हमने प्रतिद्वंद्वी टीमों और मैच स्थल को लेकर सावधानीपूर्वक अपनी तैयारी की है. हम प्रत्येक मुकाबले के लिए बहुत अच्छी तरह से तैयार हैं.” उन्होंने कहा, ” हमारे लिए यहां वास्तविकता यह है कि प्रत्येक स्थान हमारे लिए नया है और हम खिलाड़ियों की समझ, गुणवत्ता, कौशल और समर्थन के मामले में बिल्कुल भी वंचित महसूस नहीं करते हैं.”

स्कॉटलैंड के पूर्व कोच ब्रैडबर्न इससे पहले पाकिस्तान के क्षेत्ररक्षण कोच थे. उन्होंने इस साल मई में पीसीबी ने मुख्य कोच के तौर पर दो साल का करार दिया था. उन्होंने कहा, ” इस तरह की प्रतियोगिता की आदर्श तैयारी चार साल पहले शुरू हो जाती है. हमने यह तैयारी छह महीने पहले शुरू की और खासकर एकदिवसीय में अपने खेलने के तरीके में बदलाव किया. पिछले छह महीने में हमें इसके सकारात्मक परिणाम मिले.” विश्व कप से पहले पाकिस्तान की टीम कुछ समय के लिए रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर थी. टीम अभी भारत और ऑस्ट्रेलिया के बाद तीसरे पायदान पर है.

ब्रैडबर्न ने हालांकि रैंकिंग को ज्यादा तवज्जो नहीं देते हुए कहा, ” आईसीसी रैंकिंग के संदर्भ में, हम जानते हैं कि यह जटिल हैं क्योंकि हमें भारत से खेलने का मौका नहीं मिलता है. हमें कई शीर्ष देशों से खेलने का मौका नहीं मिलता है, जिन्होंने हाल के दिनों में पाकिस्तान का दौरा नहीं किया है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu