कीव. यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने अपने देश पर रूस की ओर से रातभर और सुबह की गयी बमबारी की सोमवार को निंदा करते हुए उसे ”घिनौना” बताया और कहा कि इसमें विभिन्न प्रकार की 100 से अधिक मिसाइलों तथा करीब 100 ”शाहिद” ड्रोन का इस्तेमाल किया गया. जेलेंस्की ने कहा कि ”कुछ लोगों की मौत हुई है” तथा कई अन्य लोग घायल हुए हैं. उन्होंने यह भी पुष्टि की कि रूस के हमले से यूक्रेन के ऊर्जा क्षेत्र को ”काफी नुकसान” पहुंचा है.
जेलेंस्की ने कहा, ”रूस के पिछले हमलों की तरह यह भी घिनौना था जिसमें महत्वपूर्ण असैन्य बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया. खारकीव और कीव से लेकर ओडेसा तक तथा हमारे पश्चिमी क्षेत्रों को निशाना बनाया गया.” ये हमला मध्य रात्रि के आसपास शुरू हुआ और दिन निकलने के बाद भी जारी रहा. ऐसा प्रतीत होता है कि यह रूस का यूक्रेन के खिलाफ बीते कई सप्ताह में सबसे बड़ा हमला है.
यूक्रेन के प्रधानमंत्री डेनिस श्म्याल ने सोमवार सुबह कहा कि रूसी सेना ने 15 यूक्रेनी क्षेत्रों पर ड्रोन, क्रूज मिसाइल और हाइपरसोनिक बैलिस्टिक किंजल मिसाइल दागी हैं.
शम्याल ने कहा, ” रूसी आतंकवादियों ने एक बार फिर ऊर्जा अवसंरचना को निशाना बनाया है. दुर्भाग्य से, कई क्षेत्रों में नुकसान हुआ है.” उन्होंने कहा कि यूक्रेन के सरकारी स्वामित्व वाली पावर ग्रिड ऑपरेटर ‘उक्रेनेर्गो’ को सिस्टम को स्थिर करने के लिए आपातकालीन बिजली कटौती के लिए मजबूर होना पड़ा. रूसी रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि हमलों के लिए लंबी दूरी के हवाई हथियारों और महत्वपूर्ण ऊर्जा अवसंरचना केंद्रों के खिलाफ ड्रोन का इस्तेमाल किया गया.
रूस ने यूक्रेन पर बड़े पैमाने पर ड्रोन और मिसाइल से हमला किया, तीन व्यक्तियों की मौत
रूस की सेना ने सोमवार को यूक्रेन के विभिन्न हिस्सों में बड़े पैमाने पर ड्रोन और मिसाइल हमला किया, जिसमें निशाने पर संभवत: ऊर्जा आधारभूत ढांचा था. इन हमलों में कम से कम तीन व्यक्तियों की मौत हो गई.यह हमला रविवार मध्य रात्रि के आसपास शुरू हुआ और सोमवार भोर तक जारी था. यह पिछले कुछ सप्ताह में सबसे बड़ा हमला प्रतीत होता है. यूक्रेन की वायुसेना के अनुसार, यूक्रेन के पूर्वी, उत्तरी, दक्षिणी और मध्य क्षेत्रों की ओर रूसी ड्रोन के कई समूह बढ. रहे थे, जिसके बाद कई क्रूज और बैलिस्टिक मिसाइल भी दागी गईं.
कीव के मेयर विताली क्लित्स्को ने बताया कि राजधानी कीव में विस्फोटों की आवाज सुनी गईं और हमले की वजह से शहर में बिजली और जल आपूर्ति बाधित हुई है. हमलों के मद्देनजर, शहर प्रशासन ने नागरिकों के लिए आश्रय केंद्र जैसे स्थल खोलने की योजना की घोषणा की जहां लोग बिजली कटौती के दौरान अपने उपकरणों को चार्ज कर सकते हैं और जलपान कर सकते हैं. इस तरह के केंद्र पहली बार यूक्रेन में 2022 की शरद ऋतु में खोले गए थे, जब रूस ने हमला करे देश के ऊर्जा बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया था.
यूक्रेन के पश्चिमी शहर लुत्स्क के मेयर इगोर पोलिशचुक ने कहा कि एक बहुमंजिला आवासीय इमारत और एक अज्ञात बुनियादी संरचना को हमले में नुकसान पहुंचा है और एक व्यक्ति की मौत हो गई है.
क्षेत्रीय प्रमुख सेरही लिसाक ने बताया कि मध्य निप्रोपेत्रोव्स्क क्षेत्र में एक और व्यक्ति की मौत हो गई, जहां हमले के कारण कई जगहों पर आग लग गई, एक दर्जन घर क्षतिग्रस्त हो गए और दो घर पूरी तरह से नष्ट हो गए. लिसाक ने बताया कि मलबे मे दबे एक व्यक्ति को बचाया गया.
क्षेत्रीय प्रमुख इवान फेडोरोव ने बताया कि जापोरिज्जिया के दक्षिण-पूर्वी, आंशिक रूप से कब्जे वाले क्षेत्र में भी एक व्यक्ति की मौत हो गई. फेडोरोव के अनुसार, एक बुनियादी ढांचा इकाई को नुकसान पहुंचा और उसमें आग लग गई. क्षेत्रीय प्रमुख विटाली किम ने बताया कि दक्षिणी मायकोलाइव क्षेत्र में तीन लोग घायल हुए हैं. उन्होंने स्थानीय निवासियों से क्षेत्र में नागरिक सुविधा केंद्रों का उपयोग करने का आग्रह भी किया.
क्षेत्रीय प्रमुख रुस्लान क्रावचेंको ने बताया कि कीव क्षेत्र के बाहरी इलाके में एक व्यक्ति एक हमले में घायल हो गया, जिसमें अनिर्दष्टि बुनियादी ढांचे की वस्तुओं और आवासों को निशाना बनाया गया. यूक्रेन की निजी ऊर्जा कंपनी, डीटीईके ने आपातकालीन बिजली कटौती की शुरुआत की और एक ऑनलाइन बयान में कहा कि “पूरे देश में ऊर्जा कर्मचारी यूक्रेन के लोगों के घरों में रोशनी बहाल करने के लिए 24/7 काम करते हैं.” सेना ने कहा कि हमले के परिणामस्वरूप देश के पूर्वी हिस्से में पोलैंड और नाटो वायु रक्षा इकाइयां सक्रिय हो गई हैं. इस बीच, रूस में, अधिकारियों ने रात के समय और सोमवार सुबह यूक्रेन के ड्रोन हमले की सूचना दी.
रूस के मध्य क्षेत्र सारातोव में चार लोग घायल हो गए, जहां ड्रोन ने दो शहरों में आवासीय इमारतों को निशाना बनाया. स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि एक ड्रोन सारातोव शहर में एक ऊंची आवासीय इमारत से टकराया, जबकि दूसरा ड्रोन एंगेल्स शहर में एक आवासीय इमारत से टकराया, जहां एक सैन्य हवाई क्षेत्र स्थित है जिस पर पहले भी हमला हो चुका है. रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि रात के समय और सुबह रूस के सारातोव और यारोस्लाव सहित आठ रूसी क्षेत्रों में यूक्रेन के कुल 22 ड्रोनों को रोका गया.