रूस ने यूक्रेन के 150 से अधिक ड्रोन मार गिराए

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 01 Sep 2024 09:17 PM
रूस ने यूक्रेन के 150 से अधिक ड्रोन मार गिराए
ऑडियो सुनें

मॉस्को. रूस के रक्षा मंत्रालय ने रविवार को कहा कि उसकी वायु रक्षा प्रणालियों ने रात भर में यूक्रेन के 158 ड्रोन मार गिराए, जिनमें से दो ड्रोन मॉस्को शहर में और नौ मॉस्को के आसपास के क्षेत्र में नष्ट किए गए. यूक्रेन की ओर से बीती रात किए गए ड्रोन हमलों को उसकी ओर से अब तक का सबसे बड़ा ड्रोन हमला बताया जा रहा है.

कुर्स्क क्षेत्र में 46 ड्रोन नष्ट किए गए, जहां यूक्रेन ने द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद से रूसी सरजमीं पर सबसे बड़े आक्रमण के तहत हाल के सप्ताहों में अपने सैनिकों को भेजा है. ब्रायंस्क क्षेत्र में 34 ड्रोन नष्ट किए गए, 28 से अधिक ड्रोन वोरोनेझ क्षेत्र तथा 14 ड्रोन बेलगोरोद क्षेत्र में नष्ट किए गए, जिनकी सीमा यूक्रेन से लगती है.

रूस के अंदरुनी क्षेत्र में भी ड्रोन नष्ट किए गए, जिनमें से एक-एक ड्रोन उत्तर-पश्चिमी मॉस्को के त्वेर क्षेत्र तथा उत्तर-पूर्वी मॉस्को के इवानोवो क्षेत्र में नष्ट किया गया. रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि 15 से अधिक क्षेत्रों में ड्रोन को गिरा दिया गया, जबकि एक अन्य गवर्नर ने कहा कि उनके क्षेत्र में भी एक ड्रोन को गिरा दिया गया. मॉस्को के मेयर सर्गेई सोब्यानिन ने कहा कि शहर के ऊपर मार गिराए गए दो ड्रोन में से एक के मलबे से एक तेल रिफाइनरी में आग लग गई.

यूक्रेन के इन ड्रोन हमलों से अब लड़ाई अग्रिम मोर्चे से रूस की राजधानी तक भी पहुंच गई है. इस साल की शुरुआत से ही यूक्रेन ने रूसी जमीन पर हवाई हमले तेज कर दिए हैं और उसकी रिफाइनरी तथा तेल केंद्रों को निशाना बनाया है. यूक्रेन की वायुसेना के अनुसार, यूक्रेन में रूस की ओर से छोड़े गए 11 में से आठ ड्रोन नष्ट कर दिए गए.

स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि सुमी क्षेत्र में रात भर की गोलाबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई और चार घायल हो गए, जबकि खारकीव के गवर्नर ओलेह सिनीहुबोव ने कहा कि उनके क्षेत्र में पांच लोग घायल हुए हैं. सिनीहुबोव ने बताया कि रविवार को रूस द्वारा क्षेत्रीय राजधानी खारकीव पर की गई गोलाबारी में 41 और लोग घायल हो गए.

इस बीच, रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसने यूक्रेन के दोनेत्सक क्षेत्र के पिवनिचने और व्यिमका शहरों पर नियंत्रण कर लिया है. स्वतंत्र रूप से इस दावे की पुष्टि नहीं हो पाई है. दोनेत्सक के क्षेत्रीय गवर्नर वादिम फिलाशकिन ने बताया कि पोक्रोवस्क से लगभग 33 किलोमीटर दक्षिण में कुराखोव शहर में रूसी गोलाबारी में रविवार को कम से कम तीन लोग मारे गए और नौ घायल हो गए.

रूस में लापता हेलीकॉप्टर में सवार 17 लोगों के शव बरामद, मलबे का पता चला

रूस के सुदूर पूर्व में लापता हेलीकॉप्टर पर सवार 22 लोगों में से 17 के शव बरामद कर लिये गये हैं. रूस के अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि हेलीकॉप्टर के मलबे का भी पता लगा लिया गया है. रूस के आपातकालीन मंत्रालय ने कहा कि 17 लोगों के शव पाए गए हैं और बचावकर्मी शेष लोगों की तलाश में जुटे हैं.

रूस की सरकारी समाचार एजेंसी ‘आरआईए नोवोस्ती’ ने आपातकालीन मंत्रालय के हवाले से कहा कि हेलीकॉप्टर में सवार सभी लोगों की मौत हो जाने की आशंका है. ऐसा माना जाता है कि खराब मौसम और खराब दृश्यता के कारण हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था.
रूस के आपातकालीन मंत्रालय ने टेलीग्राम पर लिखा, ”हवाई सर्वेक्षण करके लापता हेलीकॉप्टर के मलबे का पता लगाया गया है. यह उस स्थान के निकट 900 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है, जहां से इससे आखिरी बार संपर्क हुआ था.” हेलीकॉप्टर पर सवार यात्रियों या चालक दल के बारे में अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है.

रूस की संघीय वायु परिवहन एजेंसी ने इसके पहले एक बयान में कहा था कि एमआई-आठ हेलीकॉप्टर ने शनिवार को कामचटका क्षेत्र में वाचकाज.ेट्स ज्वालामुखी के करीब उड़ान भरी, लेकिन निर्धारित गंतव्य तक नहीं पहुंचा. इसमें कहा गया है कि उसका मानना ??है कि विमान में 19 यात्री और चालक दल के तीन सदस्य सवार थे. एमआई-आठ दो इंजन वाला हेलीकॉप्टर है जिसे वर्ष 1960 में बनाया गया था. इसका रूस समेत अन्य देशों में व्यापक रूप से इस्तेमाल किया जाता है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu