फिलीपीन में भूकंप के जोरदार झटके : पांच लोगों की मौत, कई घायल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 27 Jul 2022 09:09 PM
फिलीपीन में भूकंप के जोरदार झटके : पांच लोगों की मौत, कई घायल
ऑडियो सुनें

मनीला. उत्तरी फिलीपीन में बुधवार को भूकंप के जोरदार झटके महसूस किए गए, जिससे कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए. भूकंप के झटके इतने जोरदार थे कि उसके प्रभाव से छोटे-छोटे भूस्खलन हुए और कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं. वहीं, राजधानी मनीला में भय के कारण लोग अपने घरों और मरीज अस्पतालों से बाहर निकल आए.

फिलीपीन के ज्वालामुखी और भूकंप विज्ञान संस्थान के प्रमुख रेनातो सोलिडम ने बताया कि सात तीव्रता के भूकंप का केंद्र अब्रा प्रांत में किसी पर्वतीय इलाके में था. अब्रा के लगांगिलांग शहर के एक सुरक्षा अधिकारी माइकल ब्रिलैंट्स ने बताया, ‘‘जमीन ऐसे हिली जैसे मैं झूला झूल रहा हूं और अचानक बिजली चली गई. हम कार्यालय से बाहर भागे तथा मैंने अपने कुछ साथियों के चीखने और रोने की आवाजें सुनी. ये अब तक के सबसे जोरदार भूकंप के झटके थे और मुझे लगा कि धरती फट जाएगी.’’ उल्लेखनीय है कि लगांगिलांग भूकंप के केंद्र के नजदीक का शहर है.

अधिकारियों ने बताया कि भूकंप से कम से कम पांच लोगों की मौत हुई है जिनमें अधिकतर मौतें ढांचे गिरने से हुई हैं. उन्होंने बताया कि मृतकों में अब्रा में एक मकान में सीमेंट से बनी पट्टी गिरने के कारण मारा गया एक ग्रामीण भी शामिल है. वहीं दर्जनों अन्य घायल हुए हैं.

बेंगुएट प्रांत में पर्वतीय शहर ला त्रिनिदाद में एक मजदूर की निर्माणाधीन इमारत गिरने से उसके मलबे में दबकर मौत हो गई.
अब्रा में कई मकान और इमारतों की दीवारों में दरारें आ गई. एक महीने से भी कम समय पहले प्रभार संभालने वाले नए राष्ट्रपति र्फिडनांड मार्कोज जूनियर की पीड़ितों तथा स्थानीय अधिकारियों से मुलाकात करने के लिए अब्रा जाने की योजना है.

भूकंप जब आया तब मार्कोज जूनियर नदी के किनारे स्थित मलाकेचान राष्ट्रपति महल परिसर में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे. उसी समय इमारत में लगे झूमर में कंपन होने लगा और चटकने की आवाज आने लगी. राष्ट्रपति ने भूंकप के बारे में कहा,‘‘ यह बहुत तेज है.’’ फिलीपीन के फोटो पत्रकार हार्ले पलंगचाओ और उनके साथियों ने भी मौत का करीब से तब सामना किया जब वे दो वैन में पहाड़ी प्रांत की यात्रा कर रहे थे और तभी अचानक तेज आवाज के साथ चट्टानों को पहाड़ी से गिरते देखा.

हार्ले के साथियों ने अपने वाहन से चिल्लाते हुए आवाज दी ‘‘वापस आ जाओ, वापस आ जाओ.’’ इसी दौरान वैन की अगली सीट पर बैठे तीन बच्चों के पिता हार्ले ने कैमरा निकालकर तस्वीर खींची जो उनके जीवन की अंतिम तस्वीर भी हो सकती थी. एक चट्टान वैन के अगले हिस्से पर गिरी, जिससे एक व्यक्ति घायल हो गया. लेकिन हार्ले और अन्य को कोई चोट नहीं आई. दूसरी वैन का चालक समय रहते वाहन को पीछे करने में सफल रहा, जिससे सभी सुरक्षित बच गए.

हार्ले ने कहा, ‘‘ मैं सोच रहा था कि अगर हमें कुछ होता है, तक कम से कम रिकॉर्ड होना चाहिए. वह बहुत ही भयानक अनुभव था.’’ रेडक्रॉस ने एक तीन मंजिला इमारत की तस्वीर साझा की है जो अब्रा में मलबे से भरी सड़क की ओर झुकी है. एक वीडियो में भयभीत चश्मदीद एक पुराने चर्च की मीनार को धराशायी होता दिखा रहा है.

राजधानी मनीला के कम से कम दो अस्पतालों से मरीजों जिनमें से कुछ व्हीलचेयर पर थे और चिकित्सार्किमयों को अफरा-तफरी के माहौल में इमारत से निकाला गया. हालांकि, बाद में इंजीनियरों ने बताया कि झटके मामूली थे और इमारत में महज कुछ दरारें आई हैं जिसके बाद मरीजों को वापस अस्पताल की इमारत में स्थानांतरित कर दिया गया. मनीला भूकंप से सबसे अधिक प्रभावित लगांगिलांग शहर से करीब 300 किलोमीटर की दूरी पर अवस्थित है.

शुरुआत में भूकंप की तीव्रता 7.3 मापी गई थी, लेकिन बाद में विश्लेषण के बाद इसकी तीव्रता सात मापी गई. भूकंप का केंद्र सतह से 17 किलोमीटर नीचे था और बाद में आने वाले अन्य झटकों से और नुकसान की आशंका जताई गई है. फिलीपीन दुनिया के सबसे भूकंप संभावित क्षेत्र प्रशांत महासागर के ‘‘ंिरग आॅफ फायर’’पर अवस्थित है. यह देश हर साल करीब 20 समुद्री तूफान का भी सामना करता है. यह दुनिया का सबसे प्राकृतिक आपदा संभावित देशों में शामिल है. फिलीपीन में 1990 में आए 7.7 तीव्रता के भूकंप में करीब 2,000 लोग मारे गए थे.

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu