उत्तर प्रदेश और असम सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल में

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 31 Oct 2023 10:26 PM
उत्तर प्रदेश और असम सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल में
ऑडियो सुनें

मोहाली. अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार और फिट हो चुके मोहसिन खान की धारदार गेंदबाजी और नितीश राणा के आक्रामक अर्धशतक से उत्तर प्रदेश ने मंगलवार को यहां गुजरात को छह विकेट से हराकर सैयद मुश्ताक अली टी20 टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई. गुजरात की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट पर 127 रन ही बना सकी.

उत्तर प्रदेश ने इसके जवाब में राणा की 49 गेंद में नाबाद 71 रन की पारी की बदौलत आठ गेंद शेष रहते जीत दर्ज की. एक साल से अधिक समय भारतीय राष्ट्रीय टीम से बाहर भुवनेश्वर ने सीम और स्विंग गेंदबाजी का अच्छा नजारा पेश करते हुए चार ओवर में 21 रन देकर तीन विकेट चटकाए. बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहसिन ने 13 रन देकर दो विकेट हासिल किए. गुजरात की ओर से सौरव चौहान (21 गेंद में 32 रन) ही टिककर बल्लेबाजी कर पाए.

लक्ष्य का पीछा करते हुए उत्तर प्रदेश की शुरुआत भी खराब रही और टीम ने चौथे ओवर में 22 रन तक ही दो विकेट गंवा दिए.
राणा ने इसके बाद समीर रिज्वी (39 गेंद में 30 रन) के साथ12.1 ओवर में 81 रन जोड़कर टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया.
राणा ने अपनी पारी में सात चौके और दो छक्के मारे.

ध्रुव जुरेल (नाबाद 13) ने बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्जन नागवासवाला पर चौका और छक्का जड़कर उत्तर प्रदेश को जीत दिलाई.
दिन के एक अन्य मैच में रियान पराग के लगातार सातवें अर्धशतक से असम ने बंगाल को आठ विकेट से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई.

पराग ने गेंदबाजी में भी कमाल करते हुए दो विकेट चटाए. पराग (23 रन पर दो विकेट) और आकाश सेनगुप्ता (29 रन पर दो विकेट) की उम्दा गेंदबाजी के सामने बंगाल की टीम आठ विकेट पर 138 रन ही बना सकी. बंगाल के बल्लेबाज अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलने में नाकाम रहे. करण लाल 24 रन के साथ शीर्ष स्कोर रहे जबकि अभिषेक पोरेल ने 23 रन का योगदान दिया. अभिमन्यु ईश्वरन (21) और कौशिक मैती (नाबाद 21) ने भी उपयोगी पारियां खेलीं. असम ने इसके जवाब में पराग (31 गेंद में नाबाद 50 रन, चार छक्के, दो चौके) और बिशाल रॉय (36 गेंद में नाबाद 45 रन, छह चौके, एक छक्का) की पारियों की बदौलत 2.1 ओवर शेष रहते दो विकेट पर 142 रन बनाकर जीत दर्ज की.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu