उप्र के मुख्यमंत्री योगी और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री धामी ने कंगना संग देखी ‘तेजस’ फिल्म

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 31 Oct 2023 07:37 PM
उप्र के मुख्यमंत्री योगी और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री धामी ने कंगना संग देखी ‘तेजस’ फिल्म
ऑडियो सुनें

लखनऊ. उत्तर प्रदेश के मुख्­यमंत्री योगी आदित्­यनाथ ने अपने मंत्रिमंडल सहयोगियों और उत्तराखंड के मुख्­यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ मंगलवार को कंगना रनौत अभिनीत फिल्म ‘तेजस’ देखी. इस दौरान कंगना रनौत भी उपस्थित रहीं. यहां लोकभवन (मुख्­यमंत्री कार्यालय) में मंगलवार को ‘तेजस’ की विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की गई.

सर्वेश मेवाड़ा द्वारा लिखित व निर्देशित एक्­शन थ्रिलर हिंदी फिल्म ‘तेजस’ में कंगना रनौत मुख्य भूमिका में हैं. यह फिल्­म 27 अक्टूबर को सिनेमाघरों में प्रर्दिशत हुई थी. कंगना रनौत ने फिल्­म में पायलट की भूमिका निभाई है. योगी ने इससे पहले गत मई में लोकभवन में हिंदी फिल्म ‘द केरल स्टोरी’ भी मंत्रियों के साथ देखी थी. फिल्म प्रदर्शन के दौरान योगी और धामी के अलावा उत्तर प्रदेश के उपमुख्­यमंत्री ब्रजेश पाठक, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, कंगना रनौत, मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी अगली कतार में बैठे नजर आए.

लोकभवन में फिल्म देखने के बाद बाहर निकलीं कंगना रनौत ने कहा, ”महाराज जी (योगी) ने फिल्म देखी है और फिल्म देखकर वह भावुक हो गए तथा कहा कि यह सबको देखनी चाहिए.” फिल्­म के प्रदर्शन से पहले कंगना रनौत ने यहां पत्रकारों से कहा, ”यह हमारी फिल्म है. यह भारतीय वायुसेना पर आधारित फिल्­म है. हमें बहुत ज्यादा भरोसा है कि राष्ट्रवादी लोग ये फिल्­म देखेंगे. यह मजबूती से राष्ट्रवाद की भावना जगाती है.”

अभिनेत्री ने कहा, ”हम चाहते हैं कि यह फिल्­म लोगों तक पहुंचे. विश्वकप चल रहा है तो लोग उतने उत्साह से सिनेमाघर में जा नहीं रहे हैं तो मेरा भी एक प्रयास है कि लोग हमारी फिल्म देखें.” योगी को अपना भाई बताते हुए रनौत ने कहा, ”महाराज जी तो मेरे भाई हैं. मैंने उनसे अनुरोध किया था कि वह हमारी फिल्म देखें.” उन्होंने कहा, ”आप लोगों को तो पता है कि राष्ट्रवादी फिल्­मों के कितने दुश्मन होते हैं. देश में अलग दुश्मन और फिल्मों में अलग दुश्मन, तो इसीलिए मुझे उनका (योगी) समर्थन चाहिए.” कंगना ने कहा कि जहां देशप्रेमी होते हैं, वहां देशद्रोही भी होते हैं.

फिल्­म देखने के बाद पत्रकारों से बातचीत में परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि यह प्रेरणा देने वाली फिल्­म है. अल्­पसंख्­यक कल्­याण मंत्री धर्मपाल सिंह ने भी फिल्म की सराहना की. इस दौरान छात्र- छात्रा भी उपस्थित थे जिन्होंने फिल्म की सराहना की.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu