जम्मू कश्मीर के युवा एक अक्टूबर को ‘मोदी एंड कंपनी’ को बाहर का रास्ता दिखा देंगे: खरगे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 01 Sep 2024 08:08 PM
जम्मू कश्मीर के युवा एक अक्टूबर को ‘मोदी एंड कंपनी’ को बाहर का रास्ता दिखा देंगे: खरगे
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार को दावा किया कि जम्मू कश्मीर के युवाओं के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की एकमात्र नीति ”धोखा” देना है और आगामी चुनाव में वे ”प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एंड कंपनी” को बाहर का रास्ता दिखा देंगे. खरगे ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि मार्च में जम्मू-कश्मीर में युवा बेरोजगारी दर 28.2 प्रतिशत (पीएलएफएस) रही.

उन्होंने कहा, ”जम्मू-कश्मीर के युवाओं को धोखे में रखना ही भाजपा की एकमात्र नीति है.” खरगे ने दावा किया, ”कई परीक्षा प्रश्न लीक, रिश्वत और बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार के कारण विभिन्न विभागों में भर्ती में चार साल से देरी हो रही है. जम्मू कश्मीर में सरकारी विभागों में 2019 से 65 प्रतिशत पद रिक्त हैं.” उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में 60,000 से अधिक सरकारी दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी 15 वर्षों से अधिक समय से मेहनत कर रहे हैं और उन्हें प्रतिदिन मात्र 300 रुपये मिलते हैं.

कांग्रेस नेता ने कहा, ”लंबे समय से सेवा देने के बावजूद वे बिजली, सार्वजनिक स्वास्थ्य और इंजीनियरिंग जैसे आवश्यक विभागों में भी अनुबंध के आधार पर काम कर रहे हैं, जो रोजगार संकट की भयावह प्रकृति को उजागर करता है.” उन्होंने कहा कि हालांकि भाजपा ने जम्मू-कश्मीर में उद्योग लगाने का वादा किया था लेकिन केंद्र शासित प्रदेश में कोई बड़ी विनिर्माण इकाई नहीं है. कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि निजी क्षेत्र केवल कृषि, आतिथ्य और स्वास्थ्य क्षेत्र में सेवाएं प्रदान करने तक ही सीमित है.

खरगे ने कहा, ”2021 में नयी औद्योगिक नीति की शुरुआत के बावजूद, जमीन पर सिर्फ तीन प्रतिशत निवेश ही हो पाया है. प्रधानमंत्री विकास पैकेज 2015 के तहत 40 प्रतिशत परियोजनाए अब भी लंबित हैं.” उन्होंने कहा, ” एक अक्टूबर को जम्मू-कश्मीर के युवा मोदी एंड कंपनी को बाहर का रास्ता दिखाएंगे!” नब्बे सदस्यीय जम्मू कश्मीर विधानसभा के लिए चुनाव 18 सितंबर, 25 सितंबर और एक अक्टूबर को तीन चरणों में होंगे और नतीजे आठ अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu