सिसोदिया की गिरफ्तारी के एक साल पूरा होने के मौके पर राजघाट पहुंचे केजरीवाल और ‘आप’ नेता

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 26 Feb 2024 07:43 PM
सिसोदिया की गिरफ्तारी के एक साल पूरा होने के मौके पर राजघाट पहुंचे केजरीवाल और ‘आप’ नेता
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी (आप) के कई अन्य नेता पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के एक साल पूरा होने के मौके पर सोमवार को राजघाट पहुंचे. उपमुख्यमंत्री के साथ-साथ शिक्षा मंत्री भी रहे सिसोदिया को दिल्ली आबकारी नीति मामले के संबंध में 26 फरवरी 2023 को गिरफ्तार कर लिया गया था. आतिशी, सौरभ भारद्वाज, दुर्गेश पाठक समेत कई नेता केजरीवाल के साथ राजघाट पहुंचे.

राजघाट पहुंचने के बाद मीडिया से बात करते हुए केजरीवाल ने कहा, “पिछले साल आज ही के दिन केंद्र सरकार ने हमारी सरकार के सबसे क्षमतावान शिक्षा मंत्री को एक झूठे मामले में गिरफ्तार कर लिया था.” उन्होंने जोर देकर कहा कि सिसोदिया ने ही राष्ट्रीय राजधानी में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार किया.

केजरीवाल ने दावा किया, “मनीष सिसोदिया ने राष्ट्रीय राजधानी में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार किया और 75 साल बाद उम्मीद जगाई. लेकिन उनके जैसे नेता को झूठे मामले में फंसा दिया गया. अगर वह भाजपा में शामिल हो गए होते, तो उनके खिलाफ मामले वापस ले लिए गए होते.” उन्होंने कहा, “लेकिन सिसोदिया ने सच्चाई का रास्ता नहीं छोड़ने का फैसला किया.” बाद में केजरीवाल ने ‘एक्स’ पर लिखा कि सिसोदिया आप नेताओं के लिए “प्रेरणास्रोत” हैं.

उन्होंने लिखा, “मनीष पूरी आम आदमी पार्टी और उन सभी भारतीयों के लिए प्रेरणास्रोत हैं, जो भ्रष्टाचारियों से लड़ रहे हैं. आज हम सभी ने राजघाट जाकर पूज्य बापू को पुष्प अर्पित किये और तानाशाही व अन्याय के खिलाफ इस लड़ाई में मनीष को और अधिक साहस देने की प्रार्थना की.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu