मनीष सिसोदिया ने चांदनी चौक के एक मंदिर में पूजा-अर्चना की

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 12 Aug 2024 11:00 AM
मनीष सिसोदिया ने चांदनी चौक के एक मंदिर में पूजा-अर्चना की
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने श्रावण माह के सोमवार के पावन मौके पर चांदनी चौक स्थित गौरी शंकर मंदिर में पूजा-अर्चना की और कहा कि उनके मन में किसी के प्रति कोई द्वेष नहीं है।

कथित दिल्ली आबकारी नीति घोटाले से जुड़े मामले में उच्चतम न्यायालय से जमानत मिलने के बाद बीते शुक्रवार को तिहाड़ जेल से बाहर आए सिसोदिया भगवान शिव की पूजा-अर्चना के लिए सोमवार सुबह गौरी शंकर मंदिर पहुंचे।

सिसोदिया ने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा, ‘‘भगवान शिव प्रेम का प्रतीक हैं। जिनके हृदय में भगवान शिव का वास है, उनके हृदय में दूसरों के प्रति द्वेष भाव नहीं हो सकता। मैंने आशीर्वाद मांगा कि मुझे भी कण-कण में भगवान शिव ही दिखाई देते रहें।’’

‘आप’ के प्रमुख नेता सिसोदिया ने जेल से बाहर आते ही अगले साल की शुरुआत में होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनावों की तैयारियां शुरू कर दी हैं। वह दिल्ली के राजनीतिक हालात पर चर्चा करने के लिए सोमवार को पार्टी विधायकों के साथ बैठक करेंगे। सिसोदिया राष्ट्रीय राजधानी के लोगों से मिलने के लिए 14 अगस्त को पदयात्रा भी करेंगे।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav